एफएनएन, हरिद्वार : Rawli Mahdood हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में सोमवार शाम तेज बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। कृपाल स्कूल के पास पुलिया पर खेल रहे दो बच्चे अचानक नाले में गिर गए। नाले में पानी का बहाव तेज होने के कारण छह वर्षीय बच्ची बह गई, जबकि सात वर्षीय बालिका को आसपास मौजूद लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
अचानक बढ़ गया नाले में पानी का बहाव
पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान कृपाल स्कूल के पास कुछ बच्चे पुलिया पर खेल रहे थे। बारिश के कारण नाले में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और इसी दौरान दो बच्चे नाले में गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने सात वर्षीय हिमानी को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन छह वर्षीय विधिका तेज बहाव की चपेट में आकर बह गई।
पुलिस और एसडीआरएफ ने शुरू किया सर्च अभियान
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजय शाह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया और नाले में बच्ची की तलाश शुरू की गई। तेज बारिश और पानी के बहाव के बावजूद टीम ने कई स्थानों पर सर्च अभियान चलाया। आसपास के नालों और संभावित स्थानों पर भी बच्ची की तलाश की जा रही है। विधिका मूल रूप से ग्राम फरीदपुर मान उर्फ पपड़ावली, थाना कोतवाली देहात, बिजनौर की रहने वाली बताई गई है और वर्तमान में कृपाल नगर, रावली महदूद में रह रही थी।
देर शाम तक नहीं मिला बच्ची का सुराग
सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार बच्ची की तलाश में जुटी हुई हैं। समाचार लिखे जाने तक बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल सका था। अधिकारियों के अनुसार सर्च अभियान लगातार जारी है।








