एफएनएन , रुड़की : हरिद्वार जिले की खानपुर विधानसभा सीट पर आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने दो पुलों की स्वीकृति के बहाने एक बार फिर क्षेत्र की राजनीति में अपनी सक्रियता जाहिर की है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए वर्तमान निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के कार्यकाल पर सवाल खड़े किए। साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव में अपनी दावेदारी को लेकर भी खुलकर बात की।
चैंपियन ने साफ संकेत दिया कि यदि पार्टी उन्हें टिकट देती है तो वह पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ेंगे। वहीं, टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय मैदान में उतरने का विकल्प भी खुला रखेंगे।
खादर क्षेत्र में दो पुलों को मिली मंजूरी, सीएम धामी का जताया आभार
पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खादर क्षेत्र में गिद्दावली बाणगंगा घाट और सोलानी नदी घाट पर दो महत्वपूर्ण पुलों के निर्माण को स्वीकृति दी है। इन पुलों के बनने से क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि 4 जुलाई 2025 को उन्होंने मुख्यमंत्री से इन दोनों स्थानों पर पुल निर्माण की घोषणा कराई थी। इसके बाद प्रस्ताव से संबंधित शासनादेश जारी हुआ और फाइल जिला स्तर से होते हुए शासन तक पहुंची।
चैंपियन के मुताबिक, निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने पीडब्ल्यूडी सचिव पंकज पांडे और विभागीय मंत्री सतपाल महाराज से भी मुलाकात की थी। अब मुख्यमंत्री स्तर से मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही दोनों पुलों के शिलान्यास की उम्मीद है।
बोले- विधायक की कुर्सी नहीं, जनता की सेवा जरूरी
पुलों की स्वीकृति को चैंपियन ने खादर क्षेत्र के लोगों के लिए दीपावली का बड़ा तोहफा बताया। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करने के लिए किसी संवैधानिक पद पर होना जरूरी नहीं है।
उनका कहना है कि वर्तमान में उनके पास कोई संवैधानिक पद नहीं है, लेकिन वह खुद को क्षेत्र की जनता का सेवक मानते हैं। जनता की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए उनके प्रयास जारी रहेंगे।
उमेश कुमार के साढ़े चार साल के कार्यकाल पर उठाए सवाल
पूर्व विधायक ने मौजूदा निर्दलीय विधायक उमेश कुमार पर निशाना साधते हुए खानपुर विधानसभा में विकास कार्यों की स्थिति पर सवाल उठाए। चैंपियन ने आरोप लगाया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में क्षेत्र को विकास के मामले में अपेक्षित उपलब्धियां नहीं मिल पाईं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अब तक डिग्री कॉलेज की स्थापना नहीं हुई, बिजलीघर का निर्माण नहीं हो पाया और बांधों की मरम्मत के साथ मंडी के विस्तार जैसे जरूरी काम भी पूरे नहीं हुए। चैंपियन ने आरोप लगाया कि जनता को बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन धरातल पर अपेक्षित विकास नजर नहीं आया।
अपने कार्यकाल में रोजगार देने का किया दावा
चैंपियन ने अपने पूर्व विधायक कार्यकाल का जिक्र करते हुए बिरला टायर्स फैक्ट्री के माध्यम से हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का दावा किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में खानपुर क्षेत्र में बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित कराने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।
खानपुर के साथ लक्सर सीट पर भी नजर, निर्दलीय लड़ने के संकेत
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर चैंपियन ने अपनी रणनीति के संकेत भी दिए। उन्होंने कहा कि पार्टी से टिकट मिलने पर वह पार्टी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतरने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
इतना ही नहीं, उन्होंने खानपुर के अलावा लक्सर विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ने की संभावनाओं के संकेत दिए हैं। ऐसे में आने वाले विधानसभा चुनाव से पहले हरिद्वार जिले की इन दोनों सीटों पर राजनीतिक समीकरण दिलचस्प हो सकते हैं।
फिलहाल दो पुलों की स्वीकृति को लेकर चैंपियन की सक्रियता और उमेश कुमार पर उनके हमलों ने खानपुर की राजनीति को फिर गर्मा दिया है। अब देखना होगा कि 2027 के चुनाव से पहले दोनों नेताओं के बीच सियासी मुकाबला किस दिशा में आगे बढ़ता है।








