एफएनएन, फरीदाबाद : Faridabad हरियाणा के फरीदाबाद में पार्किंग को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। सेक्टर-21C में धनतेरस की रात एक व्यक्ति की कथित तौर पर लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान परमजीत धनखड़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने करीब 15 से 16 राउंड फायरिंग की, जिसमें 8 से 9 गोलियां परमजीत को लगीं। घटना के बाद आरोपी अपने परिवार के साथ मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सिंगापुर से भांजे की शादी में शामिल होने आए थे परमजीत
जानकारी के मुताबिक, परमजीत धनखड़ सेक्टर-21C स्थित मकान नंबर 641 की पहली मंजिल पर अपनी पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रहते थे। वह एक बड़ी नेशनल कंपनी में कार्यरत थे और नौकरी के सिलसिले में सिंगापुर में रहते थे। दो दिन पहले ही वह अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए सिंगापुर से फरीदाबाद पहुंचे थे।
परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और 24 नवंबर को भांजे की शादी होनी थी। लेकिन इससे पहले ही एक विवाद ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। परमजीत मूल रूप से हिसार के रहने वाले थे।
पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर पड़ोसी से हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि रात करीब 8 बजे परमजीत जिम से घर लौटे थे। इसी दौरान पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर उनकी तीसरी मंजिल पर रहने वाले पड़ोसी मोहन उर्फ मोनू शर्मा से कहासुनी हो गई।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पहले भी कई बार छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद हो चुका था। करीब पांच दिन पहले भी आरोपी ने कथित तौर पर परमजीत के बेटे के साथ गाली-गलौज की थी।
धनतेरस की रात पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान मोहन उर्फ मोनू शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर परमजीत पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। करीब 15 से 16 राउंड फायरिंग में 8 से 9 गोलियां परमजीत को लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद परिवार सहित फरार हुआ आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही सूरजकुंड थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से खाली कारतूस बरामद किए। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा अपने परिवार सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस की अलग-अलग टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
पहले भी दोनों परिवारों के बीच हो चुका था विवाद
सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी अक्सर विवाद होता रहता था। इस बार हुए झगड़े में परमजीत की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के शव का पोस्टमार्टम ईएसआई मेडिकल कॉलेज में कराया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।







