एफएनएन, दिल्ली : Satya Niketan दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में बहुमंजिला इमारत गिरने की दर्दनाक घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लगातार राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। NDRF की टीम कुत्तों की मदद से मलबे में संभावित जगहों पर लगातार तलाशी अभियान चला रही है।
कथित भवन मालिक की तलाश में 10 पुलिस टीमें
दिल्ली पुलिस ने बिल्डिंग के कथित मालिक हरिराम को पकड़ने के लिए 10 अलग-अलग टीमें गठित की हैं। इन टीमों में स्थानीय जिला पुलिस के साथ स्पेशल स्टाफ और अन्य ऑपरेशनल यूनिट्स के जवान शामिल हैं। हर टीम की कमान एडिशनल DCP रैंक के अधिकारी को सौंपी गई है।
साउथ कैंपस के कई कॉलेज रहे बंद
सत्य निकेतन हादसे में छात्रों की मौत के बाद साउथ कैंपस के कई कॉलेजों में भी शोक का माहौल रहा। मृत छात्रों को श्रद्धांजलि देने और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए आर्यभट्ट कॉलेज, वेंकटेश्वर कॉलेज और मोतीलाल नेहरू कॉलेज में सोमवार को शैक्षणिक गतिविधियां बंद रहीं।
सौरभ भारद्वाज ने मंत्री की गैरमौजूदगी पर उठाए सवाल
हादसे को लेकर आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से सवाल किया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शहरी विकास मंत्री आशीष सूद की घटनास्थल पर कथित गैरमौजूदगी को लेकर सवाल उठाए और मुख्यमंत्री से उन्हें दिल्ली वापस बुलाने की अपील की।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लिया घटनास्थल का जायजा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार सुबह दोबारा घटनास्थल का दौरा कर राहत-बचाव कार्य और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्लीवासियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
भवन मालिक के खिलाफ FIR, MCD अधिकारियों पर भी कार्रवाई के निर्देश
प्रशासन की ओर से भवन मालिक के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री ने जिम्मेदार पाए जाने वाले MCD अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही दिल्ली में पांचवीं मंजिल वाले भवनों को तत्काल सील करने और आसपास के PG व अन्य भवनों की सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं।
चार इमारतों को MCD ने जारी किए नोटिस
हादसे के बाद MCD ने आसपास की चार इमारतों को नोटिस जारी किए हैं। भवन संख्या 12 और 13 को सहारा देने के लिए लोहे के जैक लगाए गए हैं। प्रशासन की टीमें आसपास की इमारतों की सुरक्षा और नियमों के पालन की जांच कर रही हैं।
मलबे में लगातार चल रहा सर्च ऑपरेशन
घटनास्थल पर SDRF/NDRF और अन्य राहत एजेंसियों की टीमें लगातार काम कर रही हैं। ड्रोन के जरिए भी इलाके की निगरानी की जा रही है। प्रशासन का फोकस मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की संभावना को देखते हुए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन को तेजी से पूरा करने पर है।







