एफएनएन, हल्द्वानी : Lalkuan उत्तराखंड के लालकुआं में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। रोजी-रोटी कमाने निकले 30 वर्षीय मजदूर पवन सिंह की डंपर में रेत भरने के दौरान दबने से मौत हो गई। यह हादसा कथित तौर पर लोडिंग के दौरान बरती गई लापरवाही के कारण हुआ।
जानकारी के अनुसार, पवन सिंह रविवार को रोज की तरह काम पर पहुंचा था। डंपर में रेत भरने से पहले वह रेत गिरने से रोकने के लिए डंपर के किनारों पर कट्टे लगा रहा था। इसी दौरान जेसीबी चालक ने बिना यह सुनिश्चित किए कि डंपर के ऊपर कोई मौजूद है या नहीं, रेत डालना शुरू कर दिया। देखते ही देखते भारी मात्रा में रेत पवन के ऊपर गिर गई और वह उसमें पूरी तरह दब गया।
बताया जा रहा है कि कुछ ही मिनटों में डंपर पूरी तरह भर गया। बरसात के कारण रेत में नमी होने से उसका वजन और दबाव बढ़ गया, जिससे पवन खुद को बाहर नहीं निकाल सका। जब तक किसी को हादसे का पता चलता, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि यदि डंपर लोड करने से पहले एक बार ऊपर देखकर पुष्टि कर ली जाती या चालक सावधानी बरतता, तो शायद पवन की जान बचाई जा सकती थी। इस घटना ने कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बाद में जब मजदूर डंपर से रेत हटाने लगे तो कुछ फावड़े चलाने के बाद उन्हें रेत के बीच से पवन का हाथ दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और सभी घबरा गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।






