एफएनएन, नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज रविवार को अपना संकल्प पत्र जारी किया है। इसे लेकर दिल्ली सरकार में मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) की वरिष्ठ नेता आतिशी ने भाजपा पर हमला बोला है। आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि बीजेपी का घोषणापत्र एक और नया जुमला है।
केंद्र सरकार ने नहीं दिया रोजगार देने का आंकड़ा- AAP
आतिशी ने रोजगार के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “बीजेपी के जुमला पत्र में जो वादे पिछले 10 साल में सरकार ने पूरे नहीं किए उसका पूरा काला चिट्ठा सामने आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में जब चुनाव लड़ा तो देश के नौजवान युवाओं से रोजगार देने का वादा किया था।”
आप नेता ने महंगाई के मुद्दे को लेकर भी केंद्र सरकार के घेरा। उन्होंने कहा कि मोदी जी महंगाई का आंकड़ा भी नहीं दे सकते हैं। पिछले दस साल में भारत में सत्तर प्रतिशत महंगाई बढ़ी है। यह दुनिया के देशों में दूसरे नंबर पर है। भारत नौकरियों में ऊपर नहीं, भारत आर्थिक विकास में आगे नहीं है, भारत जीडीपी में आगे नहीं है, लेकिन भारत महंगाई के आंकड़ों में दुनिया में दूसरे नंबर पर है।
किसानों की आय दोगुना करने का वादा तीसरा बड़ा जुमला- आतिशी
उन्होंने आगे कहा कि किसानों की आय दोगुना की बजाय केंद्र सरकार ने संसद में तीन काले कानून पारित किए। इन किसान विरोध कानून के खिलाफ महीनों तक किसान धरने पर बैठे रहे। साढ़े सात सौ से ज्यादा किसान शहीद हो गए, लेकिन फिर भी मोदी जी ने वादा पूरा नहीं किया। आज तक एमएसपी पर कानून नहीं लाया गया। दिल्ली प्रदर्शन करने आने वाले किसानों के लिए सरहद बनवा दी।
10 साल पहले मोदी जी का तीसरा बड़ा जुमला था कि वो किसानों की आय को दोगुना करेंगे। आज इस 75 पन्ने के जुमला पत्र में किसानों की आय का वादा नहीं कर पा रहे। आय तो छोड़िए, 3 किसान विरोधी कानून ले आए, 750 से ज्यादा किसान शहीद हो गए, लेकिन मोदी जी फिर भी किसानों से नहीं मिले। एमएसपी के कानून का वादा करके मुकर गए, किसान अपनी बात कहने दिल्ली आना चाहते थे, लेकिन मोदी जी ने बड़ी-बड़ी कीलें लगाकर सरहद बना दी।






