एफएनएन, शिवपुरी : मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दूल्हा-दुल्हन सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया।
जानकारी के मुताबिक, सिरसौद थाना क्षेत्र के टोंगरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास मुर्गी दाना से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ऑटो पर पलट गया। उस समय ऑटो में नवविवाहित दंपति और उनके परिवार के सदस्य सवार थे।
शादी के बाद घर लौटते समय हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि तेंदुआ थाना क्षेत्र के राजगढ़ गांव निवासी वीरेंद्र शाक्य की एक दिन पहले ही राजेश्वरी से शादी हुई थी। शनिवार को विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन अपने परिवार के साथ ऑटो से गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
ऑटो में दूल्हा-दुल्हन के अलावा दूल्हे की मां और भाभी भी बैठी थीं, जो ट्रक के नीचे दब गईं।
जेसीबी से निकाले गए शव
हादसा इतना भीषण था कि ट्रक को हटाने के लिए जेसीबी बुलानी पड़ी। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक सदस्य की बची जान
घटना के समय ऑटो में सवार दूल्हे की बहन भूरिया शाक्य कुछ सामान लेने के लिए नीचे उतरी हुई थी, जिससे उसकी जान बच गई। बताया जा रहा है कि उसी दिन उसका भी एक पारिवारिक कार्यक्रम होना था।
खुशियां बदलीं मातम में
परिवार में एक साथ दो-दो खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ बदल दिया। शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
ड्राइवर फरार, जांच जारी
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।





