03
Gemini_Generated_Image_yb399pyb399pyb39
WhatsApp Image 2026-08-14 at 9.45.28 AM
previous arrow
next arrow
Shadow

Ankita Bhandari के परिवार से अनुदान लौटाने की मांग पर भड़की कांग्रेस

एफएनएन , देहरादून : उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। लैंसडाउन से भाजपा विधायक दिलीप रावत की ओर से अंकिता के परिजनों को सरकारी अनुदान वापस करने की सलाह दिए जाने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं ने इस बयान को पीड़ित परिवार के सम्मान से जोड़ते हुए सवाल उठाया है कि क्या सरकारी सहायता मिलने के बाद परिवार को न्याय की मांग करने का अधिकार नहीं रहेगा?

इस मुद्दे पर पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने भाजपा को घेरते हुए कहा कि पार्टी की ओर से इस तरह की बयानबाजी की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा कि अंकिता के परिवार को आर्थिक सहायता देने में आम जनता ने भी अपनी भूमिका निभाई है। जब कथित वीआईपी का नाम सामने आने के बाद जनता ने आंदोलन और संघर्ष किया, तब जाकर सरकार ने मामले की सीबीआई जांच की संस्तुति की।

पैसे देकर परिवार की आवाज नहीं दबाई जा सकती: हरक सिंह रावत

हरक सिंह रावत ने कहा कि अंकिता के परिवार को आर्थिक सहायता देने का यह मतलब कतई नहीं है कि हत्याकांड को लेकर न्याय की मांग बंद कर दी जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकारी अनुदान देकर पीड़ित परिवार को खरीदा जा सकता है? उनके मुताबिक, भाजपा विधायक के बयान से ऐसा संदेश जा रहा है, मानो परिवार को आर्थिक मदद देने के बाद उसे अपनी आवाज उठाने का अधिकार नहीं रह गया हो।

हरक सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा किसी की जिंदगी की कीमत पैसों से आंक रही है। उन्होंने कहा कि अंकिता के परिवार को अनुदान मिलना और कथित वीआईपी के खिलाफ न्याय की लड़ाई जारी रहना, दोनों अलग-अलग विषय हैं। आर्थिक सहायता से न्याय की मांग खत्म नहीं हो जाती और न ही परिवार की आवाज को दबाया जा सकता है।

सरकारी अनुदान जनता का पैसा, कोई एहसान नहीं: हरक

कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि सरकार ने अंकिता के परिवार को अपनी निजी जेब से पैसा नहीं दिया है। यह उत्तराखंड की जनता का पैसा है, जिसमें मुश्किल समय में आम लोगों ने भी बढ़-चढ़कर योगदान दिया था। ऐसे में सहायता राशि लौटाने की मांग करना उचित नहीं है।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद के बदले चुप रहने की अपेक्षा करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। अंकिता को न्याय दिलाने की लड़ाई तब तक जारी रहनी चाहिए, जब तक मामले से जुड़े सभी सवालों का जवाब नहीं मिल जाता।

लालचंद शर्मा ने भी भाजपा विधायक के बयान पर उठाए सवाल

कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने भी भाजपा विधायक महंत दिलीप रावत के बयान की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि जिस परिवार ने अपनी बेटी को खोया है, उसे न्याय दिलाने के बजाय भाजपा नेता सरकारी सहायता लौटाने की सलाह दे रहे हैं। यह बयान पीड़ित परिवार के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने वाला है।

लालचंद शर्मा ने कहा कि सरकारी सहायता किसी परिवार पर किया गया एहसान नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में सरकार की जिम्मेदारी है। आर्थिक मदद मिलने से न्याय की मांग कमजोर नहीं होती और न ही परिवार के सम्मान पर सवाल खड़ा किया जा सकता है।

अंकिता हत्याकांड पर फिर आमने-सामने भाजपा और कांग्रेस

लालचंद शर्मा ने सवाल उठाया कि क्या अंकिता भंडारी हत्याकांड अब केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित होकर रह गया है? उन्होंने कहा कि इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण सवाल पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना और कथित वीआईपी से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना है।

भाजपा विधायक के बयान के बाद कांग्रेस ने जिस तरह से मोर्चा संभाला है, उससे अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर उत्तराखंड की सियासत के केंद्र में आ गया है। अब देखना होगा कि भाजपा इस पूरे विवाद पर क्या प्रतिक्रिया देती है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img