03
Gemini_Generated_Image_yb399pyb399pyb39
WhatsApp Image 2026-08-14 at 9.45.28 AM
previous arrow
next arrow
Shadow

Rudrapur जिला अस्पताल हत्याकांड : मुख्य आरोपी विकास कुमार पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, 12 घंटे में तीन आरोपी पकड़े गए

एफएनएन, रुद्रपुर : Rudrapur जिला अस्पताल परिसर में इमरजेंसी वार्ड के बाहर हुए जानलेवा हमले और युवक की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वारदात के मुख्य आरोपी विकास कुमार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस की पिस्तौल छीनकर भागने और टीम पर फायरिंग करने की कोशिश की थी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस ने घटना के करीब 12 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मोबाइल कारोबार की प्रतिस्पर्धा में शुरू हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 की सुबह जगतपुरा और ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में स्थित प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच मोबाइल कारोबार को लेकर विवाद हो गया था। दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई। इस दौरान दोनों तरफ के लोग आमने-सामने आ गए और कई लोग घायल हो गए।

जिला अस्पताल में फिर भिड़े दोनों पक्ष

घायलों को मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए रुद्रपुर जिला अस्पताल लाया गया था। आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर विवाद शुरू हो गया। इमरजेंसी वार्ड के बाहर देखते ही देखते संघर्ष बढ़ गया। इसी दौरान हमलावरों ने नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर किसी नुकीली वस्तु से हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

इस घटना में अस्पताल परिसर में तैनात एक पीआरडी जवान भी घायल हो गया। वारदात के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक के परिजन दिनेश जौहरी की शिकायत पर कोतवाली पंतनगर में मुकदमा दर्ज किया गया।

सीसीटीवी फुटेज से छह से सात हमलावरों की जानकारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल पुलिस की कई टीमें गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए आरएफएसएल और फील्ड यूनिट की सहायता से जांच की और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

इसके साथ ही जिला अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में वारदात के दौरान छह से सात लोगों की मौजूदगी सामने आई है।

पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी विकास के पैर में लगी गोली

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सबसे पहले आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं, मुख्य आरोपी विकास कुमार की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि विकास बरेली के भोजीपुरा की ओर फरार होने की कोशिश कर रहा है।

पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया और देर रात थाना पुलभट्टा क्षेत्र की ओर ला रही थी। इसी दौरान आरोपी ने एक सब इंस्पेक्टर की पिस्तौल छीनकर भागने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली विकास कुमार के पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

एसएसपी अजय गणपति के अनुसार, इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें विकास कुमार पुत्र विनोद कुमार, आकाश कुमार पुत्र विनोद कुमार और विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय रामावतार शामिल हैं। तीनों जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर के निवासी हैं।

एसएसपी ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलभट्टा थाना पुलिस, दिनेशपुर थाना पुलिस और एसओजी रुद्रपुर की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Hot this week

Ankita Bhandari के परिवार से अनुदान लौटाने की मांग पर भड़की कांग्रेस

एफएनएन , देहरादून : उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड...

Topics

Ankita Bhandari के परिवार से अनुदान लौटाने की मांग पर भड़की कांग्रेस

एफएनएन , देहरादून : उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img