



एफएनएन, नई दिल्ली: दिल्ली के संसद मार्ग स्थित आकाशवाणी भवन परिसर में कथित तौर पर बिना अनुमति प्रवेश करने और निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत अन्य नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई 6 अक्टूबर को INDIA गठबंधन की ओर से संसद भवन से निर्वाचन आयोग मुख्यालय तक निकाले गए विरोध मार्च के दौरान हुए घटनाक्रम के बाद की गई है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 6 अक्टूबर की सुबह करीब 10:30 बजे संसद भवन से निर्वाचन आयोग कार्यालय की ओर मार्च निकाले जाने की जानकारी मिली थी। पुलिस का कहना है कि मार्च के लिए नई दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त कार्यालय से अनुमति नहीं ली गई थी। इसके साथ ही नई दिल्ली क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू थी।
पुलिस के अनुसार, इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों ने मार्च शुरू किया और बैरिकेड पार करते हुए आगे बढ़ने की कोशिश की। पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए प्रदर्शनकारियों से वापस लौटने की अपील की। पुलिस का दावा है कि निर्देशों का पालन नहीं किए जाने पर करीब 260 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें 10 सांसद भी शामिल थे।
इसी दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा और अन्य नेता आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंच गए और वहां धरने पर बैठ गए। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेता निर्वाचन आयोग तक मार्च करने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात की मांग कर रहे थे।
धरना करीब नौ घंटे तक चला। पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों को परिसर खाली करने के लिए कहा गया, लेकिन प्रदर्शन जारी रहा। देर शाम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं को हिरासत में लिया और उन्हें किंग्सवे कैंप स्थित न्यू पुलिस लाइन ले जाया गया।
इसके बाद आकाशवाणी भवन परिसर में कथित तौर पर बिना अनुमति प्रवेश और अन्य आरोपों को लेकर पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत अन्य नेताओं और समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
Hot this week
Free News - Where voices unite, stories flourish, and community thrives through open dialogue and meaningful connections.
Get important news delivered directly to your inbox and stay connected!
© 2026, Front News Network
Website Developed & Maintained by News Portal Hub
All content and news on this website are published solely by the website owner. News Portal Hub assumes no responsibility for its content.


