एफएनएन, रामनगर : उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में देर रात तेज रफ्तार कार ने जमकर कहर बरपाया। रामनगर कोतवाली क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने पहले बाइक सवार को टक्कर मारी और इसके बाद तेलीपुरा क्षेत्र में एक शोकाकुल परिवार के घर के बाहर बैठे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पहले बाइक सवार को मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक हादसा 5-6 अक्टूबर की देर रात करीब 1 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि युवक अपने दोस्त की स्विफ्ट डिजायर कार लेकर निकला था। रामनगर-रानीखेत रोड पर तेज रफ्तार कार ने पहले एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद भी कार की रफ्तार कम नहीं हुई और चालक तेलीपुरा क्षेत्र की ओर चला गया।
शोक में बैठे लोगों को भी चपेट में लिया
तेलीपुरा क्षेत्र में एक परिवार के बुजुर्ग के इंतकाल के बाद परिजन और रिश्तेदार घर के बाहर शोक में बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और बेकाबू कार वहां पहुंची और बाहर बैठे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में कई लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद एक घायल युवक के मुताबिक, कार की रफ्तार करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा थी। पहले कार ने बाइक को टक्कर मारी और इसके बाद शोक में बैठे लोगों को भी रौंद दिया।
पांच भाई हुए घायल
घायल युवक ने बताया कि हादसे में उसके पांच भाई घायल हुए हैं। इनमें से तीन लोग रामनगर में हैं, जबकि एक घायल का इलाज काशीपुर के अस्पताल में चल रहा है और एक अन्य रामनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती है।
हादसे में कार की चपेट में आने से तीन बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं, एक अन्य कार को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मौके पर पकड़ा गया कार चालक
घायल युवक के मुताबिक, हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि कार चालक के नशे में होने की आशंका है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के वक्त चालक ने शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन किया था या नहीं। इसके साथ ही कार की वास्तविक रफ्तार और हादसे की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे में घायल सभी लोगों के इलाज की जानकारी भी जुटाई जा रही है।







