एफएनएन, अयोध्या: Purvanchal Expressway पर बुधवार सुबह करीब पांच बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। दुर्घटना में कार सवार तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, कार में छह लोग सवार थे और सभी लखनऊ से देवरिया लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा कर्मी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। राहत और बचाव अभियान चलाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस से कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया गया। हादसे में देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) की मौत हो गई।
वहीं, हादसे में आनंद यादव (23), राजू (22) और जयंतो शर्मा (30) घायल हुए हैं। आनंद यादव देवरिया के लार थाना क्षेत्र के लखौरा निवासी हैं। राजू तैयर बुजुर्ग के रहने वाले हैं, जबकि जयंतो शर्मा पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जमुनी निवासी जनार्दन शर्मा के पुत्र हैं।
घायल जयंतो शर्मा ने बताया कि कार में सवार सभी लोग पेशेवर टेनिस खिलाड़ी हैं। वे लखनऊ में खेलकर देवरिया लौट रहे थे। यात्रा के दौरान सभी लोग नींद में थे। इसी दौरान हादसा कैसे हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं हो सकी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पुलिस अज्ञात ट्रक की तलाश में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और ट्रक हादसे के बाद मौके से कैसे फरार हुआ।








