एफएनएन, पंजाब: खन्ना के दोराहा क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण हादसा हुआ। मलौद के जगेड़ा पुल के पास एक पिकअप जीप अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसा इतना दुखद था की इसने तीन लोगों को अपनी आगोश में ले लिया। वहीं कुछ लोग लापता भी हो गए। सुचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को अस्पताल पहुंचाने का कार्य शुरू कर दिया।
तीन श्रद्धालु लापता, तीन की मौत
हादसे में एक महिला और दो बच्चों सहित तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग लापता बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, पिकअप में करीब 20 श्रद्धालु सवार थे। बाकी लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
नैना देवी मंदिर से लौट रहे थे श्रद्धालु
बताया गया कि सभी श्रद्धालु हिमाचल प्रदेश के माता नैना देवी मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने बताया कि नहर से अधिकांश श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाल लिया गया है, लेकिन दो बच्चों और एक महिला के शव बरामद किए गए हैं। तीन लोग अभी भी लापता हैं और उनकी तलाश में बचाव अभियान जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
डीएसपी पायल हेमंत मल्होत्रा ने बताया कि पिकअप जीप, जिसमें करीब 20 श्रद्धालु सवार थे, नहर में गिर गई। आसपास के लोगों ने शोर मचाकर पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस, स्थानीय लोगों और गोताखोरों की सहायता से बचाव कार्य शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि अब तक एक महिला और दो बच्चों के शव निकाले जा चुके हैं, जबकि तीन अन्य श्रद्धालु अभी लापता हैं। मृतकों और लापता लोगों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।