



एफएनएन, कोटद्वार : नगर क्षेत्र के घमंडपुर से एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेल रहे दो बच्चों को अपनी चपेट में लेने के बाद एक वेडिंग प्वाइंट के भीतर जा घुसी। हादसे में 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक, घमंडपुर स्थित एक वेडिंग प्वाइंट के बाहर दो बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार सड़क किनारे से होते हुए वेडिंग प्वाइंट के अंदर जा घुसी और वहां मौजूद दोनों बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना गंभीर था कि दोनों बच्चे बुरी तरह घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने 10 वर्षीय वंश चौहान को मृत घोषित कर दिया। वंश दुर्गापुरी का रहने वाला बताया जा रहा है। हादसे में बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
वहीं हादसे में 12 वर्षीय लक्ष्य कुमार गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए देहरादून रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। सीओ अस्मिता ममगाईं पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचीं और घटना की जानकारी ली।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायल बच्चे के उपचार की जानकारी ली और परिजनों से मुलाकात कर घटना के बारे में जानकारी प्राप्त की।
हादसे के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस हादसे की वजह और कार की रफ्तार की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है, जिससे दुर्घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके।
वंश की मौत की खबर से घमंडपुर और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं लक्ष्य के गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसके परिजन भी चिंतित हैं।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
Hot this week
Free News - Where voices unite, stories flourish, and community thrives through open dialogue and meaningful connections.
Get important news delivered directly to your inbox and stay connected!
© 2026, Front News Network
Website Developed & Maintained by News Portal Hub
All content and news on this website are published solely by the website owner. News Portal Hub assumes no responsibility for its content.


