एफएनएन, रुद्रपुर : Kichha एवं सिरौलीकलां नगर पालिका चुनाव की मतगणना 7 अक्टूबर को कराए जाने की सूचना के बाद रुद्रपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी का इजहार करते हुए शिव मंदिर, आवास विकास में लड्डू बांटे और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय जुनेजा ने कहा कि किच्छा और सिरौलीकलां में 22 सितंबर को मतदान संपन्न हो चुका था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 24 सितंबर को मतगणना होनी थी, लेकिन बाद में मतगणना स्थगित कर दी गई। इसके बाद मतगणना को लेकर मामला न्यायालय तक पहुंचा। हाईकोर्ट ने भी दोनों नगर पालिकाओं की मतगणना निर्धारित समयावधि में कराने के निर्देश दिए थे।
जुनेजा ने कहा कि अब सुप्रीम कोर्ट द्वारा 7 अक्टूबर को मतगणना कराए जाने की तारीख तय किए जाने से स्थिति स्पष्ट हो गई है। उन्होंने कहा, “सत्य को प्रताड़ित किया जा सकता है, लेकिन पराजित नहीं किया जा सकता। मतगणना में जो स्थानीय प्रशासन द्वारा अड़ंगा लगाया गया था, वह अब समाप्त हो गया है। 7 अक्टूबर को मतगणना होना लोकतंत्र और संविधान की जीत है।
उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर अपना जनादेश मतपेटियों में सुरक्षित किया है और अब जनता के इस जनादेश को सामने आना चाहिए मगर भाजपा के कुछ नेता लोग जानबूझकर परिणाम को भापकर गिनती नहीं होने देना चाहते थे। स्थानीय प्रशासन भी किरकिरी होता देख कुछ लोगों की कठपुतली बना हुआ था।
इस दौरान नगर निगम नेता प्रतिपक्ष गौरव खुराना ने कहा कि 7 अक्टूबर को होने वाली मतगणना में किच्छा एवं सिरौलीकलां नगर पालिका अध्यक्ष तथा वार्ड सदस्य पदों के परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को चुनाव परिणामों को लेकर आशंका थी, जिसके चलते मतगणना को टालने का प्रयास किया गया।
इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर खुशी जताई और मतगणना शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न होने की उम्मीद जताई।
इस अवसर पर पार्षद सौरव राज बेहड़, पार्षद जितेश शर्मा, करन चीमा,आशित वाला,राकेश अधिकारी,हरीश कुमार,संदीप सिंह, रवि मिश्रा, कुणाल खुराना, सत्यम अरोड़ा,समप्रीत ग्रोवर, चंद्र प्रकाश शर्मा, प्रीतम गिल,शंकर जायसवाल, करन आनंद, आशीष अरोड़ा आदि सहित अनेको कांग्रेसी जन उपस्थित थे






