आरिफ मोहम्मद खान अब बिहार और पूर्व केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला दो साल से जातीय हिंसा की आग में झुलस रहे मणिपुर के राज्यपाल पद की जिम्मेदारी संभालेंगे
ओडिसा के राज्यपाल पद से रघुबर दास का इस्तीफा राष्ट्रपति ने किया स्वीकार
एफएनएन नेशनल डेस्क, नई दिल्ली: केंद्र सरकार की सलाह पर महामहिम राष्ट्रपति ने कई राज्यों में राज्यपालों को बदल दिया है। मंगलवार देर रात राष्ट्रपति भवन से जारी अधिसूचना में केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को बिहार का राज्यपाल बनाया गया है।

इसके अतिरिक्त राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा पूर्व केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला को पिछले लगभग दो साल से जातीय हिंसा की आग में झुलस रहे पूर्वेत्तर के बेहद संवेदनशील मणिपुर और पूर्व सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह को मिजोरम के राज्यपाल की नई और अपेक्षाकृत अधिक महत्वपूर्ण और चुनौतियों से भरी जिम्मेदारी दी गई है।
राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू ने ओडिशा के गवर्नर पद से रघुबर दास का इस्तीफा भी मंजूर कर लिया है। मिजोरम के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति को दास के स्थान पर ओडिशा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। ये नियुक्तियां उस तारीख से प्रभावी होंगी, जिस दिन वे अपने-अपने कार्यालयों का कार्यभार संभालेंगे।
राष्ट्रपति भवन के अनुसार, आरिफ मोहम्मद खान के स्थान पर बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर अब धुर दक्षिण में केरल के राज्यपाल की जिम्मेदारी संभालेंगे। केरल की पिनरई विजयन के नेतृत्व वाली मौजूदा वामपंथी सरकार के साथ पिछले लंबे अरसे से 36 का आंकड़ा रखते चले आ रहे और तीखी-बेबाक बयानबाजी से मीडिया की सुर्खियां बटोरते रहे संस्कृत, वैदिक वांगमय और भारतीय संस्कृति के प्रकांड विद्वान आरिफ मोहम्मद खान को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
पूर्व सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह केंद्र में मंत्री भी रह चुके हैं। इस बार 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें चुनाव मैदान में नहीं उतारा था। वह पहली बार गाजियाबाद से जीतकर लोकसभा पहुंचे थे। अजय कुमार भल्ला ने केंद्रीय गृह सचिव जैसा चुनौतियों भरा पोर्टफोलियो भी संभाला है। भल्ला अन्य कई महत्वपूर्ण पदों पर भी रह चुके हैं। उन्हें प्रशासनिक सुधारों में योगदान और दक्षता के लिए खास तैर पर पहचाना जाता है। उनके गहन अनुभव के कारण ही उन्हें कई बार सेवा विस्तार भी दिया जा चुका है।