एफएनएन, देहरादून : Dushyant Kumar Gautam सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम समेत अन्य प्रमुख हस्तियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर असत्य और मानहानिकारक बयान प्रसारित करने के मामले में हरिद्वार की कोतवाली नगर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। मोती बाजार निवासी सागर की शिकायत पर 25 अक्टूबर की रात यह कार्रवाई की गई। शिकायत में उर्मिला सनावर पर वीडियो में आपत्तिजनक बयान देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस वीडियो प्रसारित करने वाले अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो को लेकर शिकायत
शिकायत के अनुसार, हरिद्वार रोड स्थित सीबीआई कोर्ट के बाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो पर सुजाता पॉल का लोगो लगा हुआ है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वीडियो में उर्मिला सनावर मीडिया के कैमरों और माइक के सामने सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम, बीएल संतोष और आरती गौड़ के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक व्यक्तिगत आरोप लगा रही हैं।
शिकायत में कहा गया है कि इन आरोपों के समर्थन में किसी न्यायिक आदेश या प्रमाण का उल्लेख नहीं किया गया है। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि इस तरह के बयान प्रसारित होने से संबंधित व्यक्तियों की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही, समाज में भ्रम, आक्रोश और वैमनस्य फैलने की स्थिति बन सकती है।
बीएनएस की चार धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79, 352, 353 और 356 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट के निर्देश पर मामले की जांच उपनिरीक्षक राकेश रावत को सौंपी गई है।
वीडियो प्रसारित करने वालों की भूमिका की भी जांच
पुलिस वीडियो में कही गई बातों, उसके सोशल मीडिया पर प्रसारित होने और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।







