एफएनएन, देहरादून : Dehradun के रायपुर थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में महिला की मौत हत्या के कारण होने की बात सामने आई है। मामले में पुलिस ने महिला के परिचित और नौकर के रूप में काम करने वाले विनीत कुमार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का महिला के पति से 18 हजार रुपये की बकाया मजदूरी को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने कथित तौर पर महिला पर हमला किया और पकड़े जाने के डर से उसका मुंह दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पति ने 112 पर दी थी सूचना
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर को दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल घर में बेहोशी की हालत में पड़ी हैं। महिला के चेहरे पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे थे। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस की टीम ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। एफएसएल टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने के साथ फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की। इसके बाद रायपुर थाने में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
CCTV और सर्विलांस से आरोपी तक पहुंची पुलिस
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई गई।
जांच के दौरान पुलिस को विनीत कुमार की भूमिका संदिग्ध लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे रिंग रोड स्थित त्रिलोक गेस्ट हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया।
करीब 15 साल से परिवार को जानता था आरोपी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि विनीत कुमार मूल रूप से उत्तरकाशी का रहने वाला है और करीब 10 वर्षों से देहरादून के अजबपुर क्षेत्र में रह रहा था। वह त्रिलोक गेस्ट हाउस में रात के समय सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करता था। इसके अलावा वह डिस्पेंसरी रोड स्थित ‘अनुज प्रकाशन’ बुक शॉप में भी हेल्पर का काम करता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इस परिवार को करीब 15 वर्षों से जानता था।
18 हजार रुपये की बकाया मजदूरी बना विवाद की वजह
पुलिस के अनुसार, विनीत कुमार की करीब 18 हजार रुपये की मजदूरी बकाया थी। वह कई बार भुगतान की मांग कर चुका था, लेकिन पैसे नहीं मिलने से वह नाराज था।
पुलिस का कहना है कि घटना वाले दिन आरोपी दिनेश बंसल की स्कूटी से उनके घर पहुंचा। उसे घर के पीछे वाला दरवाजा खुला रहने की जानकारी थी। उस समय घर में रेखा बंसल अकेली थीं।
पैसे नहीं मिले तो महिला पर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घर पहुंचकर रेखा बंसल से बकाया मजदूरी के पैसे मांगे। पैसे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से महिला के चेहरे पर वार कर दिया।
चोट लगने के बाद महिला बिस्तर पर गिर गईं और मदद के लिए चिल्लाने लगीं। पुलिस के अनुसार, पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उनका मुंह दबा दिया। कुछ देर बाद जब उसे लगा कि महिला की मौत हो चुकी है, तो उसने उनके हाथ से सोने का कंगन निकाल लिया और वहां से फरार हो गया।
पुलिस ने सोने का कंगन और आरोपी का कड़ा किया बरामद
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार, पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका से लूटा गया सोने का कंगन बरामद कर लिया है। इसके अलावा घटना के दौरान आरोपी द्वारा पहना गया कड़ा भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। पुलिस ने आरोपी विनीत कुमार को धारा 103(1), 309(4) और 117(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।








