एफएनएन, देहरादून : Dehradun के बड़ोवाला इलाके में बैंककर्मी सत्यम कुमार पर हुई फायरिंग के मामले का पटेलनगर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, सत्यम की दूसरी युवती से सगाई होने से नाराज उसकी पूर्व प्रेमिका मालिया रहमान ने कथित तौर पर उसकी हत्या की साजिश रची थी। वारदात को अंजाम देने के लिए लक्सर के बदमाश अंकित चौहान को पांच लाख रुपये की सुपारी दिए जाने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, आठ सितंबर को सत्यम अपनी बहन साक्षी के साथ स्कूटी से बड़ोवाला स्थित अपने घर जा रहा था। जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे बाइक सवार दो युवकों ने उसकी स्कूटी रोक ली और उस पर गोली चला दी। गोली लगने से सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पटेलनगर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की।
पुलिस मुठभेड़ में शूटर अंकित घायल, साथी अंकुर फरार
पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर को गोरखपुर चौक के पास संदिग्ध बाइक सवार युवकों को रोकने की कोशिश की गई। इस दौरान दोनों युवक चाय बागान की पगडंडी की ओर भागने लगे और कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अंकित चौहान के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंकुर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने घायल अंकित के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो खोखे और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की बाइक बरामद होने का दावा किया है। वहीं, पुलिस फरार आरोपी अंकुर की तलाश में जुटी है।
2020 में शुरू हुआ था प्रेम संबंध, सगाई के बाद बढ़ी नाराजगी
पुलिस पूछताछ में मालिया रहमान ने कथित तौर पर बताया कि वर्ष 2020 से 2023 के बीच वह हरिद्वार के उज्जीवन बैंक में काम करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात सत्यम से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। वर्ष 2023 में परिवार के दबाव में मालिया ने सहारनपुर निवासी युवक से निकाह कर लिया, हालांकि वह सत्यम के संपर्क में बनी रही। पुलिस के अनुसार, बाद में उसका विवाह टूट गया।
वर्ष 2025 में सत्यम देहरादून आ गया। फरवरी 2026 में उसकी दूसरी युवती से सगाई हो गई, जिसके बाद उसने मालिया से बातचीत बंद कर उसे सोशल मीडिया पर भी ब्लॉक कर दिया। पुलिस का दावा है कि इससे नाराज मालिया ने सत्यम को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
आरोप है कि मालिया ने अपने साथी मोहित के जरिए अंकित चौहान से संपर्क किया और पांच लाख रुपये में हत्या का सौदा तय किया। अंकित को कथित तौर पर 1.20 लाख रुपये एडवांस दिए गए। पुलिस के मुताबिक, मालिया ने शूटर को सत्यम की फोटो और उसके बैंक कार्यालय से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई थी।
पुलिस ने मालिया रहमान और मोहित को आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार किया है। वहीं, मुठभेड़ में घायल अंकित का इलाज कराया जा रहा है और फरार अंकुर की तलाश जारी है।








