एफएनएन, उज्जैन : नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत उज्जैन पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए MDMA जैसे घातक सिंथेटिक ड्रग्स बनाने की साजिश को नाकाम कर दिया । थाना चिमनगंज पुलिस ने आगर रोड स्थित एक गैरेज में दबिश देकर भारी मात्रा में केमिकल, नकदी और दस्तावेज जब्त किए हैं, साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है ।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी अर्पित उर्फ सौरभ गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया । तलाशी में 75 किलो ब्रोमोपोल क्रिस्टल पाउडर बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत लगभग 48 हजार रुपए बताई जा रही है । इसके अलावा पुलिस ने 8 लाख 50 हजार नकद, तीन फर्जी बिल और एक बलेनो कार भी जब्त की है ।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों रंजीत, ओमप्रकाश और अन्य के साथ मिलकर गुजरात की केमिकल कंपनियों से फर्जी दस्तावेजों के जरिए ‘ब्रोमोपोल’ और ‘2-ब्रोमो-4-मिथाइल प्रोपियोफिनोन’ जैसे खतरनाक रसायन मंगवा रहा था । इन केमिकल्स का उपयोग MDMA ड्रग्स बनाने में किया जाना था, जिसे बाद में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी ।
पुलिस ने इस मामले में अर्पित उर्फ सौरभ गुप्ता (33), रंजीत (33) निवासी मंदसौर और ओमप्रकाश (26) निवासी आगर मालवा को गिरफ्तार कर लिया है । वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।





