03
Gemini_Generated_Image_yb399pyb399pyb39
WhatsApp Image 2026-08-14 at 9.45.28 AM
previous arrow
next arrow
Shadow

Clementown में पत्नी की गोली मारकर हत्या, पति ने पुलिस को फोन कर कहा- मैंने हत्या कर दी

एफएनएन, देहरादून : Clementown थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। महिला का शव एक प्लॉट के अंदर बने कमरे से बरामद किया गया। घटना के बाद महिला के पति धीरज पंवार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से आरोपी पति फरार है।

पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब 6 बजे कंट्रोल रूम में धीरज पंवार नाम के व्यक्ति ने फोन कर कथित तौर पर बताया कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही क्लेमेनटाउन पुलिस ने फोन करने वाले से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला।

कॉल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने शुरू की तलाश

मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने आसपास के इलाके में तलाश शुरू की। स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाने के बाद पुलिस एक प्लॉट के अंदर बने कमरे तक पहुंची। कमरे की जांच करने पर वहां 26 वर्षीय काजल, पत्नी धीरज पंवार, मृत अवस्था में मिली।

पुलिस के अनुसार महिला की मौत गोली लगने से हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी।

कई दिनों से पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद

पुलिस के मुताबिक काजल अपने पति धीरज पंवार के साथ ईदगाह रोड, सुभाष नगर क्षेत्र में रहती थी। मृतका के भाई अभिषेक का घर भी उनके घर के पास ही है। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन और जीजा के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था।

इसी विवाद के बीच सोमवार सुबह गोली चलने की घटना सामने आई, जिसमें काजल की मौत हो गई। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी पुष्टि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

मुजफ्फरनगर की रहने वाली थी मृतका

मृतका काजल मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा शकरपुर की रहने वाली बताई गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

फरार पति की तलाश में पुलिस की टीमें गठित

मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने धीरज पंवार के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटना के बाद से फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित की हैं।

पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और हत्या की वजह के बारे में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Hot this week

Gairsain को स्थायी राजधानी बनाने की मांग तेज, यूकेडी डेमोक्रेटिक ने खोला केंद्रीय कार्यालय

एफएनएन, गैरसैंण : Gairsain उत्तराखंड की स्थायी राजधानी गैरसैंण...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img