एफएनएन, रुद्रप्रयाग : Tungnath रुद्रप्रयाग जिले के प्रसिद्ध तुंगनाथ ट्रेक पर रविवार देर शाम एक महिला के गहरी खाई में गिरने की सूचना से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार महिला गणेश मंदिर के पास ट्रेक के दौरान खाई में गिर गई। घटना की सूचना रविवार शाम करीब 6:21 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को मिली।
सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। खाई काफी गहरी होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा।
SDRF, DDRF और आपदा मित्र की टीमें जुटीं
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, महिला की तलाश के लिए SDRF अगस्त्यमुनि, DDRF ऊखीमठ, आपदा मित्र और पुलिस बल को मौके पर लगाया गया। सभी टीमों ने मिलकर देर रात तक ट्रेक और आसपास के गहरी खाई वाले क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया।
सर्च टीमों ने रातभर महिला को खोजने का प्रयास किया, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। अंधेरा और खाई की गहराई रेस्क्यू टीमों के लिए बड़ी चुनौती बनी रही।
रात 12:30 बजे रोकना पड़ा अभियान
अधिक रात होने और मौके पर रोशनी एवं सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों को देखते हुए करीब 12:30 बजे सर्च अभियान रोक दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, सोमवार सुबह रोशनी होने के बाद दोबारा सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी
फिलहाल महिला की पहचान और उसके संबंध में अन्य जानकारी सामने नहीं आई है। रेस्क्यू टीमें लगातार संभावित स्थानों पर तलाश कर रही हैं। अधिकारियों की निगरानी में अभियान आगे बढ़ाया जा रहा है।








