एफएनएन, देहरादून : Mussoorie -देहरादून मार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पानी के टैंकर चालक की मौत हो गई। हादसा गज्जी बैंड के पास उस समय हुआ, जब मसूरी झील से पानी भरकर लौट रहा टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
घटना की सूचना सुबह करीब 5:53 बजे डायल 112 कंट्रोल रूम को मिली। सूचना मिलते ही मसूरी कोतवाली पुलिस आपदा राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने घायल चालक को क्षतिग्रस्त टैंकर से बाहर निकाला और तत्काल निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। हालांकि उपचार के दौरान चालक ने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान अक्षय असवाल पुत्र प्रेम सिंह असवाल निवासी ग्राम सभा दुधई, ब्लॉक सहसपुर, जनपद देहरादून के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है।
हादसे की जानकारी चालक के परिजनों और टैंकर मालिक को भी दी गई। सूचना मिलने के बाद टैंकर मालिक भी मौके पर पहुंच गए।
प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा पंचायतनामा सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई पूरी की जा रही है।







