एफएनएन, हरिद्वार : Haridwar जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बुधवार तड़के हरिद्वार जिले के पिरान कलियर क्षेत्र स्थित ग्राम आसफनगर में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवती को हिरासत में लिया। युवती पर पाकिस्तान के जरिए करोड़ों रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन में शामिल होने का आरोप है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के लखनपुर क्षेत्र में पुलिस ने हाल ही में एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हरिद्वार निवासी युवती का नाम सामने आने पर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया।
इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पिरान कलियर कोतवाली पुलिस से संपर्क किया और स्थानीय पुलिस की मदद से आसफनगर में छापेमारी की। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम को युवती की पहचान करने में करीब दो से ढाई घंटे का समय लगा।
पहचान की पुष्टि होने के बाद युवती सोनम को हिरासत में लेकर लंबी पूछताछ की गई। हालांकि मौके से कोई नकदी बरामद नहीं हुई, लेकिन मामला करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन से जुड़ा बताया जा रहा है।
चर्चा है कि युवती पाकिस्तान के माध्यम से संदिग्ध नकदी लेनदेन में शामिल थी। पूछताछ के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड हासिल किया और युवती को अपने साथ ले गई।
घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोग इस बात से हैरान हैं कि पाकिस्तान के जरिए इतने बड़े स्तर पर कथित आर्थिक लेनदेन का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।
पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मामला जम्मू-कश्मीर में दर्ज केस से जुड़ा है। स्थानीय पुलिस ने जांच में आवश्यक सहयोग दिया है। उन्होंने युवती की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।







