एफएनएन, गरियाबंद : Ganja Smuggling छत्तीसगढ़ के देवभोग इलाके में पुलिस ने फिल्मी अंदाज में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्विफ्ट कारों से करीब डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 75 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में एक नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर मध्य प्रदेश पहुंचाने की तैयारी में थे। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए अपनी गाड़ियों की मध्य प्रदेश नंबर प्लेट हटाकर छत्तीसगढ़ की नंबर प्लेट लगा ली थी। हालांकि देवभोग पुलिस को पहले से इसकी गुप्त सूचना मिल चुकी थी, जिसके बाद इलाके में नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी देखकर आरोपी तेज रफ्तार में भागने लगे और पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश भी की। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग टीम बनाकर पीछा किया। भागने के दौरान दोनों स्विफ्ट कारें अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गईं, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान कारों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी मध्य प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं और उनकी उम्र 22 से 26 साल के बीच है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे एक बड़े नेटवर्क के लिए गांजा सप्लाई का काम कर रहे थे।
देवभोग पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड और अन्य तस्करों की तलाश में जुटी हुई है।







