एफएनएन, लखनऊ : Prateek Yadav की आकस्मिक मौत मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद कई अहम खुलासे हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक उनकी मौत का मुख्य कारण पल्मोनरी एम्बोलिज्म (Pulmonary Embolism) बताया गया है।
डॉक्टरों के अनुसार, फेफड़ों की धमनियों में खून का बड़ा थक्का फंसने के कारण ऑक्सीजन और रक्त प्रवाह अचानक रुक गया था। इससे दिल के दाहिने हिस्से पर अत्यधिक दबाव पड़ा और उनकी हालत तेजी से बिगड़ती चली गई। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी स्थिति बेहद गंभीर होती है, जिसमें मरीज को बचाने का समय बहुत कम मिल पाता है।
जानकारी के मुताबिक, प्रतीक यादव लंबे समय से फेफड़ों से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे थे। कुछ दिन पहले उन्हें Medanta Hospital में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। इलाज के बाद तबीयत में कुछ सुधार होने पर उन्हें घर लाया गया था।
बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सिविल अस्पताल के CMS देवेश चंद्र पांडे के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध पॉइजनिंग जैसा लगने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए King George’s Medical University भेजा गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अब मौत की वजह स्पष्ट हो गई है।






