एफएनएन, Vaibhav Sooryavanshi Record : कतर की राजधानी दोहा में खेले जा रहे एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया है। इंडिया-A और यूएई के बीच खेले जा रहे ग्रुप-B के आखिरी मुकाबले में वैभव ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
यूएई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 250 रनों का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया-A ने आक्रामक शुरुआत की। हालांकि अभिषेक शर्मा 5 गेंदों में 12 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए, लेकिन दूसरे छोर पर मौजूद वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
28 गेंदों में शतक, तोड़ा जेक फ्रेजर-मैकगर्क का रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने महज 28 गेंदों में अपना शतक पूरा कर नया विश्व रिकॉर्ड कायम कर दिया। इसके साथ ही वह लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 2023-24 में साउथ ऑस्ट्रेलिया की ओर से तस्मानिया के खिलाफ 29 गेंदों में शतक लगाया था। वैभव की इस पारी ने उन्हें लिस्ट-A क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक में सबसे ऊपर पहुंचा दिया।
16 गेंदों में अर्धशतक, अगली 12 गेंदों में शतक
वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने महज 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। इसके बाद उन्होंने अगले 12 गेंदों में 50 रन और जोड़ते हुए अपना शतक पूरा कर लिया।
खास बात यह है कि लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड भी वैभव सूर्यवंशी के नाम है, जो उन्होंने महज 11 गेंदों में बनाया था।
लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज
-
28 गेंदें – वैभव सूर्यवंशी, इंडिया-A बनाम यूएई (2026)
-
29 गेंदें – जेक फ्रेजर-मैकगर्क, साउथ ऑस्ट्रेलिया बनाम तस्मानिया (2023-24)
-
31 गेंदें – एबी डिविलियर्स, दक्षिण अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज (2014-15)
-
32 गेंदें – साकिबुल गनी, बिहार बनाम अरुणाचल प्रदेश (2025-26)
-
33 गेंदें – ईशान किशन, झारखंड बनाम कर्नाटक (2025-26)
-
35 गेंदें – अनमोलप्रीत सिंह, पंजाब बनाम अरुणाचल प्रदेश (2024-25)
40 गेंदों में 150 रन, अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा
वैभव सूर्यवंशी ने शतक लगाने के बाद भी अपना आक्रामक अंदाज जारी रखा। उन्होंने लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वैभव ने महज 40 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की और अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
इससे पहले उन्होंने बिहार की ओर से खेलते हुए अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 59 गेंदों में 150 रन पूरे किए थे। अब यूएई के खिलाफ उन्होंने इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए सिर्फ 40 गेंदें लीं।
लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन
-
40 गेंदें – वैभव सूर्यवंशी, भारत-A बनाम यूएई (2026)
-
59 गेंदें – वैभव सूर्यवंशी, बिहार बनाम अरुणाचल प्रदेश (2025)
-
64 गेंदें – एबी डिविलियर्स, दक्षिण अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज (2015)
-
65 गेंदें – जोस बटलर, इंग्लैंड बनाम नीदरलैंड (2022)
वैभव सूर्यवंशी की इस ऐतिहासिक पारी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारतीय क्रिकेट को एक बेहद प्रतिभाशाली युवा बल्लेबाज मिल चुका है। इतनी कम उम्र में लगातार रिकॉर्ड बनाना उनके शानदार भविष्य की ओर इशारा करता है।








