एफएनएन, उत्तराखंड : Champawat जिले में नाबालिग लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने बीजेपी के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय नाबालिग अपने पिता के साथ इलाज के लिए चंपावत आई थी। इलाज के बाद पिता गांव लौट गए, जबकि लड़की अपनी सहेली के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए शहर में रुक गई।
परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान एक युवक लड़की को शादी में ले जाने के बहाने अपने साथ ले गया। देर रात तक बेटी के घर नहीं लौटने पर परिवार ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल बंद मिला। बाद में स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से खोजबीन शुरू की गई।
बताया जा रहा है कि सुबह एक गांव के कमरे में नाबालिग बंधी हुई मिली। पीड़िता ने आरोप लगाया कि तीन युवकों ने हथियारों के बल पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई प्रियंका मौर्या को सौंपी गई है। वहीं पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश है और आरोपी युवकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है। एसपी चंपावत रेखा यादव ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल कराया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






