एफएनएन, बस्तर : ईरान में चल रहे तनाव के बीच देश में गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी का फायदा उठाकर कुछ लोग एलपीजी की कालाबाजारी करने में जुटे हैं। इसी बीच बस्तर जिला प्रशासन ने गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में सिलेंडर जब्त किए हैं।
खाद्य विभाग की टीम ने शहर के दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में यह कार्रवाई की। विभाग को राउतपारा स्थित बालाजी केयर हॉस्पिटल के पास अवैध रूप से गैस सिलेंडर भंडारण की पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने प्रशांत महाजन नामक व्यक्ति के घर पर अचानक दबिश दी।
निरीक्षण के दौरान घर के भीतर गैस सिलेंडरों का बड़ा जखीरा मिला, जिसका कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। अधिकारियों ने मौके से 24 घरेलू गैस सिलेंडर और 10 कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए। इसके साथ ही सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकालने और रिफिलिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले 3 रिफिलिंग पाइप भी जब्त किए गए।
प्रशासन का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे तनाव के कारण घरेलू गैस की सीमित आपूर्ति का लाभ उठाकर कुछ लोग ऊंचे दामों पर गैस बेचने की फिराक में हैं। इसी कालाबाजारी को रोकने और आम जनता को सुचारू रूप से गैस उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन अब कड़ा रुख अख्तियार कर रहा है।






