एफएनएन, लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिमी यूपी में मेरठ के बाद सहारनपुर में आज शनिवार को जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी की रैली में लोगों का उत्साह जोर पर था। वहीं, पीएम की रैली में मुस्लिम महिलाओं और पुरुषों ने भी हिस्सा लिया।
वहीं, रैली में मुस्लिम भाइयों का उत्साह अलग ही देखने को मिला। इस दौरान मोदी-योगी के जमकर नारे लगे। बताया गया कि जैसे ही पीएम मोदी मंच पर पहुंचे तो पूरा मैदान मोदी-मोदी के नारों से गूंठ उठा।
बता दें कि प्रधानमंत्री की रैली दिल्ली रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग मैदान में आयोजित की गई। यहां जनसभा स्थल के मंच से पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत राम-राम से की और मां शाकंभरी देवी को नमन किया।
वहीं, रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान पीएम मोदी ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं तो समर्थकों ने पूरे जोश के साथ प्रधानमंत्री का समर्थन किया।
पीएम मोदी ने कहा कि दुनियाभर में देश का डंका बज रहा है। हमारा स्थान मां शक्ति का स्थान है। विपक्षी गठबंधन के लोग खुलेआम चुनौती दे रहे हैं कि उनकी लड़ाई शक्ति के खिलाफ है। क्या कोई शक्ति को खत्म कर सकता है? जिन-जिन लोगों ने शक्ति को खत्म करने का काम किया है, वह इतिहास में दर्ज है। वहीं, पीएम मोदी का भाषण सुनने के लिए मुस्लिम महिलाएं भी रैली में पहुंचीं।







