एफएनएन, नैनबाग : उत्तरकाशी के मोरी से बीमार युवक को उपचार के लिए देहरादून लेकर आ रहे छह लोगों की कार यमुना नदी में गिरने से मौत हो गई। मृतकों में बीमार युवक, उसकी पत्नी व बड़ा भाई, दो ग्रामीण और कार चालक शामिल है। हादसा नैनबाग में अगलाड़ पुल के पास हुआ। इसका पता घटना के करीब 16 घंटे बाद बुधवार शाम को तब चला, जब जंगल में बकरी चराने गए स्थानीय ग्रामीणों की नजर कार पर पड़ी।
नैनबाग में कार अगलाड़ पुल के पास यमुना नदी में गिर गई। इससे सभी की मौके पर ही मौत हो गई। पोस्टमार्टम के लिए शवों को पीएचसी नैनबाग ले जाया गया है। कैम्प्टी थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि हादसा रात साढ़े 12 बजे के आसपास होने का अंदेशा है। जहां पर हादसा हुआ, वहां एक मोड़ है। हालांकि, हादसे का कारण अभी पता नहीं चला है।











