एफएनएन, मुरैना : मध्य प्रदेश के मुरैना में सुबह नेशनल हाईवे-44 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यात्रियों से भरी एक स्लीपर कोच बस में अचानक आग लग गई। राजस्थान के जयपुर से ग्वालियर-झांसी की ओर जा रही बस कुछ ही देर में आग की लपटों से घिर गई। हादसे के समय बस में करीब 50 यात्री सवार थे। चालक की सूझबूझ और समय रहते दिखाई गई सतर्कता के चलते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी बस जलकर राख हो गई।
जयपुर से ग्वालियर जा रही बस में लगी आग
जानकारी के अनुसार, बस सुबह राजस्थान के जयपुर से ग्वालियर होते हुए झांसी की ओर जा रही थी। इसी दौरान मुरैना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में देवरी गांव के पास सुबह करीब 5 बजे बस के इंजन से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते इंजन से आग की लपटें निकलने लगीं।
उस समय बस में लगभग 50 यात्री मौजूद थे, जिनमें अधिकतर गहरी नींद में सो रहे थे। आग और धुआं देखकर यात्रियों में घबराहट फैल गई। स्थिति को समझते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गया।
किसी ने दरवाजे तो किसी ने खिड़की से लगाई छलांग
बस में आग फैलने के बाद यात्रियों के बीच जान बचाने की होड़ मच गई। कई यात्री बस के मुख्य दरवाजे से बाहर निकले, जबकि कुछ लोगों ने खिड़कियों से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। कुछ ही मिनटों में हाईवे पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
चालक ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी में बस में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव ने बताया कि पुलिस को स्लीपर बस में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद तत्काल दमकल विभाग को जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि आग लगते ही चालक ने बस रोककर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। घटना में किसी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।







