एफएनएन , देहरादून : राजधानी देहरादून में गौकशी और गौतस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार देर रात ठाकुरपुर रोड स्थित टी-स्टेट के पास चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और दो संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गौकशी का आरोपी इरशाद पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी शमीम अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार कॉम्बिंग कर रही हैं। पुलिस के मुताबिक, एसएसपी के निर्देश पर जिले में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार देर रात बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया था।
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान दोनों संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने पिस्तौल दिखाकर पुलिस टीम से बचने का प्रयास किया। पुलिस ने उनका पीछा किया तो दरू चौक से मीठीबेरी की ओर टी-स्टेट क्षेत्र में बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को उपचार के लिए प्रेमनगर अस्पताल भेजा गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी सिटी शेखर सुयाल घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने मामले की जानकारी ली और घायल आरोपी से पूछताछ की।
ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई कार्रवाई
एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान प्रेमनगर पुलिस को सूचना मिली, जिसके आधार पर संदिग्धों को रोकने की कोशिश की गई। मुठभेड़ में घायल आरोपी की पहचान 32 वर्षीय इरशाद निवासी खजुनावर, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, इरशाद ने इसी महीने प्रेमनगर थाना क्षेत्र के टी-स्टेट और बिधौली रोड पर गौकशी की घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
मौके से तमंचा, बाइक और धारदार हथियार बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, एक कुल्हाड़ी, दो छुरी और एक रस्सी बरामद की है। वहीं, फरार आरोपी शमीम निवासी गंदेबड़ा, सहारनपुर की तलाश में पुलिस की कॉम्बिंग जारी है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। घायल इरशाद से पूछताछ के आधार पर भी आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौतस्करों और नशा तस्करों के खिलाफ अभियान जारी
दून पुलिस का कहना है कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले गौतस्करों और नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। बाहरी राज्यों से उत्तराखंड आकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपियों पर अंकुश लगाने के लिए सीमावर्ती इलाकों और प्रमुख मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।








