एफएनएन , देहरादून : उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने मुख्यमंत्री पद को लेकर अपनी स्थिति साफ कर दी है। उन्होंने कहा है कि उनकी प्राथमिकता किसी पद को हासिल करना नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बहुमत दिलाकर प्रदेश में पार्टी की सरकार बनाना है।
हरीश रावत ने मुख्यमंत्री बनने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि अगर कांग्रेस 2027 में बहुमत हासिल करती है तो उन्हें मुख्यमंत्री या किसी अन्य पद की कोई इच्छा नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के लिए कई योग्य नेता मौजूद हैं। फिलहाल उनका पूरा ध्यान बीजेपी सरकार को सत्ता से हटाकर कांग्रेस की सरकार बनाने पर है।
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल होने से किया इनकार
हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर अपनी बात रखते हुए कहा कि कांग्रेस ने उन्हें बूथ स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता से लेकर केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री तक की जिम्मेदारी निभाने का अवसर दिया है। पार्टी ने उन्हें राजनीतिक जीवन में बहुत कुछ दिया है। ऐसे में अब उनकी कोई व्यक्तिगत पद पाने की इच्छा नहीं है।
उन्होंने कहा कि वह लगातार जनता के बीच कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों को रख रहे हैं। इसमें मुख्यमंत्री रहते हुए उनके कार्यकाल के काम भी शामिल हैं। साथ ही वह मौजूदा बीजेपी सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली की तुलना करते हुए उसकी कमियों को जनता के सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं।
अंकिता भंडारी हत्याकांड में VIP को सजा दिलाने की मांग
पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता को न्याय दिलाना और उसकी हत्या से कथित तौर पर जुड़े VIP को सजा दिलाना बेहद जरूरी है। रावत ने इस मामले को प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए न्याय की मांग को कांग्रेस की राजनीतिक प्राथमिकताओं से जोड़ा।
उन्होंने संकेत दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी। अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर पार्टी लगातार सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है।
मिड-डे मील और गर्भवती महिलाओं के राशन में घोटाले का आरोप
हरीश रावत ने स्कूली बच्चों के मिड-डे मील और गर्भवती महिलाओं को दिए जाने वाले खाद्यान्न में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं के हिस्से का राशन हड़पकर सैकड़ों करोड़ रुपये का घोटाला किया गया है।
उन्होंने अपनी पोस्ट में ‘बंटी-बबली’ का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि मिड-डे मील और खाद्यान्न से जुड़े घोटालों के जरिए करीब 210 करोड़ रुपये की अनियमितता हुई है। रावत ने यह भी दावा किया कि इस कथित घोटाले से अर्जित धन का इस्तेमाल बरेली में आलीशान फार्महाउस और एस्टेट बनाने में किया गया।
2027 के चुनाव में इन मुद्दों पर कांग्रेस करेगी बीजेपी को घेरने की कोशिश
हरीश रावत के बयान से साफ है कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी सरकार को घेरने के लिए कई मुद्दों पर फोकस कर रही है। इनमें अंकिता भंडारी हत्याकांड, कथित भ्रष्टाचार, खाद्यान्न घोटाले और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां शामिल हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री पद को लेकर अपनी दावेदारी से इनकार कर हरीश रावत ने पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश की है। उनका कहना है कि व्यक्तिगत राजनीतिक महत्वाकांक्षा से ऊपर पार्टी की जीत और उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनाना उनके लिए सबसे अहम है।








