एफएनएन , लक्सर : हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर लगातार दूसरे दिन शव मिलने से हड़कंप मच गया है। मंगलवार को लक्सर-रायसी रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की उम्र करीब 45 से 50 वर्ष बताई जा रही है। लगातार दो दिनों में एक महिला और एक पुरुष का शव मिलने से क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
रेलवे कंट्रोल रूम से मिली घटना की सूचना
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को मुरादाबाद रेलवे कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि लक्सर और रायसी के बीच रेलवे ट्रैक पर खंभा नंबर 19 के पास एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना मिलते ही रायसी चौकी क्षेत्र की पुलिस सक्रिय हुई। उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां जांच के दौरान व्यक्ति मृत अवस्था में मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक कार्रवाई के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। मौके पर मौजूद आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
एक दिन पहले डोसनी रेलवे ट्रैक पर मिला था महिला का शव
गौरतलब है कि सोमवार को भी लक्सर क्षेत्र के डोसनी रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। अब लगातार दूसरे दिन रेलवे ट्रैक पर एक और शव मिलने से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।
दोनों घटनाओं में मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही लापता व्यक्तियों से संबंधित रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।
दोनों मामलों की जांच में जुटी पुलिस
लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि दोनों मामलों में मृतकों की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थलों की बारीकी से जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस दोनों घटनाओं से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। मृतकों की पहचान और उनकी मौत के कारणों का पता लगाने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








