एफएनएन, देहरादून : Dehradun राजधानी देहरादून में 15 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। डालनवाला कोतवाली क्षेत्र के अर्श अंसारी की मौत के बाद परिजनों ने कुछ युवकों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक, दीपावली की रात पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद अर्श के साथ मारपीट की गई थी। घायल अवस्था में उसे दून अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गाड़ी से पैर पर टायर चढ़ने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, सहस्त्रधारा रोड स्थित केवल कॉलोनी निवासी नदीम अंसारी का 15 वर्षीय बेटा अर्श रविवार रात सूरी चौक के पास अपने एक दोस्त के घर पार्टी में गया था। मृतक के पिता का आरोप है कि सूरी चौक पर गाड़ी में बैठने के दौरान वाहन का पहिया कुछ युवकों के पैरों पर चढ़ गया। इसी बात को लेकर अर्श और वहां मौजूद युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया।
मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुआ किशोर
परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुछ युवकों ने अर्श के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार का कहना है कि मारपीट इतनी गंभीर थी कि अर्श की गाड़ी की सीट तक खून से लाल हो गई थी। इसके बाद पार्टी में मौजूद उसका दोस्त उसे रात में ही दून अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचा।
अस्पताल में अज्ञात के रूप में कराया भर्ती
परिजनों के मुताबिक, अर्श को अस्पताल पहुंचाने वाले दोस्त ने उसकी पहचान बताने के बजाय उसे अज्ञात के तौर पर भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने तक किशोर की मौत हो चुकी थी। अस्पताल प्रबंधन की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पहचान कर परिजनों को फोन पर घटना की जानकारी दी। परिजनों ने बेटे की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है और मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पोस्टमार्टम की तैयारी, पुलिस कर रही जांच
इस मामले में सीओ डालनवाला नितिन लोहानी ने बताया कि रविवार देर रात दून अस्पताल की इमरजेंसी से पुलिस को सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। अर्श अंसारी के शव के पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है। विवाद की वजह और किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
लक्सर में ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात महिला की मौत, पहचान के प्रयास जारी
हरिद्वार: जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को ट्रेन की चपेट में आने से करीब 30 से 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान नहीं हो पाई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद मोर्चरी रुड़की भेज दिया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
डोसनी और लक्सर के बीच रेलवे ट्रैक पर मिला शव
पुलिस के अनुसार, डोसनी रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर ने डाउन रेलवे लाइन पर एक महिला की ट्रेन से कटकर मौत होने की सूचना दी थी। घटनास्थल खंभा संख्या 1500V 420/6 के पास बताया गया। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक शहजाद अली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस को डोसनी पुराने रेलवे फाटक के पास, ओवरब्रिज के नजदीक रेलवे ट्रैक पर महिला का शव मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
कपड़ों और गहनों के आधार पर पहचान की अपील
पुलिस के मुताबिक, मृतका की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष और रंग गोरा है। महिला ने पर्पल रंग का सूट, ब्राउन रंग का स्वेटर और बैंगनी रंग की सलवार पहनी हुई थी। इसके अलावा उसके गले में सफेद धातु का लॉकेट और ताबीज था। दाहिने हाथ में पीली धातु का कड़ा भी पहना हुआ था।
पुलिस ने लोगों से मांगी मदद
लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने लोगों से अपील की है कि यदि इस हुलिये की किसी महिला की गुमशुदगी किसी थाने में दर्ज है या उसके संबंध में कोई जानकारी है, तो संबंधित थाना अथवा कोतवाली लक्सर को सूचित करें। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।







