एफएनएन, देहरादून : Government Portal देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र से सरकारी वेब पोर्टल और एप्लीकेशन से जुड़े तकनीकी एक्सेस को लेकर मामला सामने आया है। पुलिस ने विभागीय वेब पोर्टल और एप्लीकेशन के जरूरी Credentials और Access को कथित तौर पर बिना अनुमति रेवोक करने के मामले में एक निजी कंपनी के सीईओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामला महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर से जुड़ा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
निजी कंपनी को दिया गया था तकनीकी संचालन का जिम्मा
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के आईटी सेल के नोडल अधिकारी आदर्श पंत ने रायपुर थाने में शिकायत दी। शिकायत के मुताबिक, विभाग की ओर से एक निजी कंपनी को विभागीय वेब पोर्टल और एप्लीकेशन के निर्माण और उनके तकनीकी संचालन की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके लिए कंपनी को विभाग की तरफ से जरूरी Credentials और Access उपलब्ध कराए गए थे।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंपनी के नई दिल्ली निवासी सीईओ ने विभाग की सहमति और पूर्व सूचना के बिना अलग-अलग Credentials और Access को रेवोक कर दिया। इसके चलते विभागीय पोर्टल और एप्लीकेशन के संचालन में तकनीकी बाधा उत्पन्न होने की बात कही गई है।
सरकारी योजनाओं के संचालन पर पड़ा असर
बताया गया है कि संबंधित वेब पोर्टल और एप्लीकेशन के जरिए सरकार के कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इनमें चैंपियनशिप ट्रॉफी, उदयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और डिजिटल यूथ फेस्टिवल जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।
विभाग का आरोप है कि जरूरी एक्सेस हटाए जाने से इन कार्यक्रमों के संचालन में तकनीकी व्यवधान पैदा हुआ। आईटी सेल के नोडल अधिकारी आदर्श पंत ने पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
IT Act और BNS की धाराओं में केस
थाना रायपुर पुलिस ने आदर्श पंत की शिकायत के आधार पर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 43 और 66 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 324 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच निरीक्षक राकेश कुमार गुसाईं को सौंपी गई है।
थाना रायपुर प्रभारी संजीत कुमार के मुताबिक, शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
सरकारी डेटा की सुरक्षा पर भी उठे सवाल
यह मामला सरकारी पोर्टल और एप्लीकेशन के तकनीकी संचालन के साथ-साथ डेटा सुरक्षा से भी जुड़ा माना जा रहा है। संबंधित पोर्टल पर खिलाड़ियों और युवाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मौजूद होने की बात सामने आई है। ऐसे में बिना विभागीय अनुमति के किसी महत्वपूर्ण एक्सेस को रेवोक किए जाने के आरोप ने सरकारी डेटा की सुरक्षा और एक्सेस कंट्रोल को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान यह स्पष्ट होगा कि एक्सेस किस प्रक्रिया के तहत रेवोक किए गए और इसके पीछे क्या वजह थी।








