एफएनएन, हल्द्वानी : Haldwani कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शनिवार, 8 अगस्त को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में प्रस्तावित उनकी जनसभा को लेकर कांग्रेस संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को लेकर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने शुक्रवार को आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, यातायात और कार्यकर्ताओं के स्वागत से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए पार्टी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
मीडिया से बातचीत में यशपाल आर्या ने दावा किया कि मल्लिकार्जुन खड़गे की यह जनसभा उत्तराखंड की बड़ी राजनीतिक सभाओं में शामिल होगी। उन्होंने कहा कि रैली में 20 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है और प्रदेश के विभिन्न जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ता व समर्थक इसमें भाग लेंगे।
यशपाल आर्या ने कहा कि राज्य की जनता मौजूदा सरकार की नीतियों से निराश है और बदलाव चाहती है। उनके मुताबिक कांग्रेस लगातार जनहित के मुद्दों को उठा रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच जाएगी।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि हल्द्वानी की यह जनसभा 2027 उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के अभियान का महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगी। रैली को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में हल्द्वानी पहुंचने की अपील की गई है।
अब राजनीतिक दलों और आम लोगों की नजरें शनिवार को होने वाली इस जनसभा पर टिकी हैं, जिसे उत्तराखंड की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।







