एफएनएन, गाजियाबाद : Furniture साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया में रविवार सुबह एक फर्नीचर शोरूम और निर्माण इकाई में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग देखते ही देखते ग्राउंड फ्लोर से पहली मंजिल तक फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
अग्निशमन विभाग के मुताबिक, 20 सितंबर 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे फायर स्टेशन साहिबाबाद को साइट-4 स्थित प्राइम फर्नीचर कंपनी में आग लगने की सूचना मिली थी। परिसर में शोरूम के साथ फर्नीचर निर्माण का काम भी किया जाता है। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन कोतवाली, फायर स्टेशन वैशाली और साहिबाबाद से फायर टेंडर घटनास्थल के लिए रवाना किए गए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी की। दमकल कर्मियों के पहुंचने तक आग ग्राउंड फ्लोर के साथ पहली मंजिल तक फैल चुकी थी।
रॉ मटेरियल के चलते तेजी से फैलने का बना खतरा
दमकल टीम ने सबसे पहले ग्राउंड फ्लोर पर लगी आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसके बाद पहली मंजिल पर पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की गई। फैक्ट्री के अंदर फर्नीचर निर्माण में इस्तेमाल होने वाला बड़ी मात्रा में रॉ मटेरियल रखा हुआ था। ऐसे में आग के तेजी से फैलने का खतरा बना हुआ था।
आग को आसपास की इकाइयों तक पहुंचने से रोकने के लिए दमकल कर्मियों ने रॉ मटेरियल को अलग-अलग किया और लगातार फोम की पंपिंग करते हुए आग बुझाने का काम किया। करीब डेढ़ घंटे तक चले अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
दमकल विभाग की टीम ने समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया, वरना इसके आसपास की अन्य फैक्ट्रियों तक फैलने की आशंका थी और नुकसान बढ़ सकता था।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के मुताबिक, आग पर नियंत्रण के बाद घटनास्थल पर कूलिंग का काम जारी रखा गया, ताकि अंदर मौजूद गर्म हिस्सों से दोबारा आग न भड़क सके।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि, आग किस वजह से लगी, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग और संबंधित टीमें आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हैं।








