एफएनएन, रुद्रपुर : Rudrapur उत्तराखंड के रुद्रपुर में साइबर ठगी से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने एक संदिग्ध म्यूल बैंक खाते के जरिए 9.50 लाख रुपये के लेन-देन का खुलासा किया है। मामले में खाताधारक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) से प्राप्त संदिग्ध म्यूल खातों की जानकारी के आधार पर जांच की गई। इस दौरान एक बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर वित्तीय धोखाधड़ी में होने के संकेत मिले। जांच में पता चला कि यह खाता रुद्रपुर के भूरारानी रोड स्थित शक्ति कॉम्प्लेक्स निवासी अनुराग कश्यप के नाम पर संचालित था।
जांच में सामने आया कि इस बैंक खाते में साइबर ठगी से जुड़े 9.50 लाख रुपये जमा किए गए थे। इसके बाद यह राशि मुख्य रूप से चेक और अन्य माध्यमों से निकाल ली गई। पुलिस का कहना है कि खाताधारक का बैंक खाता कथित तौर पर साइबर अपराध से प्राप्त रकम को प्राप्त करने और आगे ट्रांसफर करने के लिए म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि इस खाते के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों से राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर चार शिकायतें दर्ज थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई और मामला दर्ज किया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे लेन-देन की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि साइबर ठगी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा निकाली गई रकम किन लोगों तक पहुंची। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या चेकबुक किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए न दें, क्योंकि ऐसा करना गंभीर कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।







