एफएनएन, चमोली : Chamoli उत्तराखंड के चमोली जिले में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब चारधाम यात्रियों से भरी एक बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। चालक की सूझबूझ और त्वरित निर्णय के चलते बस को सुरक्षित रोका जा सका, जिससे सभी यात्रियों की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, बदरीनाथ धाम से हरिद्वार लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस बिनाकुली गांव के पास पहुंची थी, तभी उसके ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने घबराने के बजाय बस को खड़ी चढ़ाई की ओर मोड़ दिया, जिससे वाहन की गति नियंत्रित हो गई और बस रुक गई।
घटना की सूचना मिलते ही 23वीं वाहिनी आईटीबीपी के जवान मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जवानों ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। बस में सवार सभी श्रद्धालु झारखंड के बताए जा रहे हैं, जो बदरीनाथ धाम के दर्शन कर वापस लौट रहे थे।
इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई, जिससे सभी ने राहत की सांस ली। यात्रियों ने चालक की समझदारी और आईटीबीपी की तत्परता की सराहना की।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी चारधाम यात्रा मार्ग पर इसी तरह की एक घटना सामने आई थी। टिहरी जिले के तोताघाटी क्षेत्र में यात्रियों से भरी एक बस के ब्रेक फेल होने के बाद वह सड़क पर पलट गई थी। उस हादसे में कई यात्री घायल हुए थे, हालांकि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई थी।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद यात्रा मार्गों पर वाहनों की तकनीकी जांच और सुरक्षा मानकों को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन यात्रियों और वाहन संचालकों से सतर्कता बरतने की अपील कर रहा है।







