एफएनएन, देहरादून : उत्तराखंड में इन दिनों गरमाए मुद्दों के बीच सीएम धामी ने आज प्रेसकांफ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने अंकिता मामले में सरकार का पक्ष रखा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अंकिता के पिता से बात करूंगा। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, हम हर जांच के लिए तैयार हैं। कहा कि अंकिता भंडारी की हत्या एक संवेदनशील व हृदय विदारक घटना है। प्रदेश सरकार ने इस पूरे मामले की मजबूती से पैरवी की और तीन आरोपियों को उम्र कैद की सजा हुई है।
प्रदेश में इन दिनों गरमाए मुद्दों के बीच सीएम धामी ने प्रेसकांफ्रेंस की। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर प्रदेश में लोग सड़कों पर उतरे हैं। तीन साल पहले हुए चर्चित अंकिता हत्याकांड में वीआईपी का नाम सामने आने पर विपक्ष सहित तमाम सामाजिक संगठन सरकार से सीबीआई जांच कराने की मांग कर रहे हैं। बीते कई दिनों से अभिनेत्री उर्मिला सनावर के सिलसिलेवार वीडियो ने सोशल मीडिया ही नहीं पूरे प्रदेश में राजनीतिक भूचाल ला दिया है। उर्मिला अपने वीडियो में जहां अंकिता भंडारी हत्याकांड की परतें खोलने का दावा कर रही है तो वहीं वीआईपी नामों को लेकर भी पार्टी के ही वरिष्ठ नेताओं पर आरोप लगा रही है।
दुष्यंत गौतम ने सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी की ओर से पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ डालनवाला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसमें दोनों आरोपियों पर जानबूझकर सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो जारी कर उनकी छवि खराब करने व दंगे फैलाने की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। तहरीर में कांग्रेस, यूकेडी और आप को साजिश का सूत्रधार बताकर त्वरित कार्रवाई की मांग की गई है।






