एफएनएन, प्रयागराज : लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए शहर के व्यवसायियों ने अनूठी पहल की है। 25 मई को मतदान देने के बाद दुकान पर पहुंचने वाले मतदाताओं को सामानों की खरीदारी करने पर छूट मिलेगी। कोई सर्राफ की दुकान पर सोना-चांदी की खरीद पर पांच प्रतिशत की छूट दे रहा है तो कोई दो दिनों तक चश्मा बनवाने पर 10 प्रतिशत की छूट दे रहा है। एक मिठाई की दुकान पर तो फ्री में रस मलाई ग्राहकों को उपलब्ध कराई जाएगी।
लोकनाथ चौराहे पर मौजूद गोपीचंद ज्वैलर्स के संचालक दिनेश सिंह ने बताया कि मतदान के बाद पूरे दिन जो मतदाता दुकान पर आएगा और उंगली में लगी मतदान की स्याही दिखाएगा उसे पांच प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
वहीं, निरंजन सिनेमा जानसेनगंज में मेफेयर आप्टिशियन दुकान पर आने वाले मतदाताओं को 10 प्रतिशत की छूट देगा। संचालक मो. आबिर ने बताया कि हम दो दिनों तक उन सभी मतदाताओं को छूट देंगे, जिनकी उंगली में मतदान की स्याही लगी होगी।






