एफएनएन, देहरादून : Uttarakhand में आगामी चुनावों को देखते हुए कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने और जन मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में सक्रियता बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में पार्टी राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों से चार दिशाओं में यात्रा निकालने की योजना बना रही है। इन यात्राओं का समापन बदरीनाथ धाम में होगा, जहां कांग्रेस नेता भगवान बदरी विशाल के समक्ष प्रदेश के विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए न्याय की गुहार लगाएंगे।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच इस प्रस्तावित यात्रा को लेकर चर्चा हो चुकी है और एक प्रारंभिक कार्यक्रम भी तैयार किया गया है। हालांकि, यात्रा की अंतिम तारीख, मार्ग और स्वरूप पर कांग्रेस हाईकमान की मुहर लगना बाकी है। केंद्रीय नेतृत्व से मंजूरी मिलने के बाद ही कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा।
अंकिता भंडारी से लेकर पेपर लीक तक के मुद्दे उठाएगी कांग्रेस
कांग्रेस की प्रस्तावित यात्रा में उत्तराखंड से जुड़े कई संवेदनशील और राजनीतिक मुद्दों को शामिल किया जाएगा। इनमें अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग, पेपर लीक के मामले, मंदिरों में कथित चंदा चोरी से जुड़े विवाद, प्रदेश में बढ़ते अपराध और महिलाओं के खिलाफ उत्पीड़न की घटनाएं प्रमुख हैं।
पार्टी का कहना है कि यात्रा के माध्यम से इन मुद्दों को जनता के बीच ले जाया जाएगा। कांग्रेस नेता बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान के दरबार में चढ़ावा चढ़ाने और प्रदेश के लोगों को न्याय मिलने की प्रार्थना करने की योजना बना रहे हैं।
धारचूला, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर समेत कई क्षेत्रों से निकलेंगी यात्राएं
पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत के मुताबिक, पार्टी नेताओं ने आपसी विचार-विमर्श के बाद यात्रा का प्रारंभिक खाका तैयार किया है। इसके तहत धारचूला, हरिद्वार, चकराता, पुरोला, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल समेत विभिन्न क्षेत्रों से वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में यात्राएं निकालने की योजना है।
हरक सिंह रावत ने स्पष्ट किया कि अभी यात्रा की तारीख तय नहीं हुई है। इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व को लेना है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, अलग-अलग क्षेत्रों से निकलने वाली यात्राएं चमोली जिले में एकत्र होंगी। इसके बाद सभी नेता और कार्यकर्ता बदरीनाथ धाम पहुंचेंगे।
बदरीनाथ धाम में न्याय और इंसाफ की लगाएंगे गुहार
कांग्रेस की योजना के मुताबिक, बदरीनाथ धाम में भगवान विष्णु के समक्ष प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को रखते हुए न्याय और इंसाफ की प्रार्थना की जाएगी। पार्टी इस धार्मिक यात्रा को सामाजिक और राजनीतिक जागरूकता से जोड़कर प्रदेशभर में जनसमर्थन जुटाने की कोशिश करेगी।
यात्रा का नाम ‘जन जागरण’, ‘जन क्रांति’, ‘लोकतंत्र बचाओ क्रांति’ या ‘संकल्प यात्रा’ रखा जा सकता है। फिलहाल इनमें से किसी नाम पर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।
चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने की तैयारी
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस की यह पहल राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अलग-अलग क्षेत्रों से यात्राएं निकालने के जरिए पार्टी स्थानीय मुद्दों को एक मंच पर लाने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति पर काम कर रही है।
हालांकि, यात्रा का वास्तविक स्वरूप, कार्यक्रम और तारीखें कांग्रेस हाईकमान की मंजूरी के बाद ही स्पष्ट होंगी। अब देखना होगा कि पार्टी इस प्रस्तावित यात्रा को कब शुरू करती है और प्रदेश के विभिन्न मुद्दों को लेकर जनता के बीच किस तरह अभियान चलाती है।







