एफएनएन, काकीनाडा : किसी भी राजनीतिक पार्टी के लिए उनके समर्थक सबसे ज्यादा मायने रखते हैं और समर्थक भी अपनी पसंदीदा पार्टी और उसके विचारों के लिए पूरी तरह से समर्पित होते हैं। आपने आज तक ऐसे कई समर्थक देखे होंगे, जो अपनी पार्टी के बचाव में दूसरों से लड़ने तक को तैयार हो जाते हैं।
लेकिन आंध्र प्रदेश के एक शख्स ने पसंदीदा पार्टी के लिए ऐसी दीवानगी दिखाई है, जो आपने शायद ही कहीं देखी या सुनी जाती हो। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार पवन कल्याण की जनसेना पार्टी के एक समर्थक ने शादी के कार्ड में पार्टी का घोषणा पत्र छपवाया है।
पवन कल्याण को वोट देने की अपील
यही नहीं, उसने आमंत्रित किए गए लोगों से पवन कल्याण को पीथमपुर से वोट देने की भी अपील की है। यह शख्स आंध्र प्रदेश के काकिनाडा का रहने वाला है। एएनआई की ओर से एक्स पर शेयर किए गए वीडियो में यह शख्स शादी का कार्ड लोगों को वितरित करते हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर वीडियो काफी शेयर भी किया जा रहा है।
भाजपा-टीडीपी के साथ गठबंधन
गौरतलब है कि तेलुगु सुपरस्टार पवल कल्याण राजनीति में एंट्री ले चुके हैं और उन्होंने अपनी जनसेना पार्टी भी बनाई है। हालिया तेलंगाना विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी एनडीए गठबंधन में शामिल थी। आंध्र प्रदेश में आगामी लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव में भी उनकी पार्टी भाजपा-टीडीपी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है।







