एफएनएन, फर्रुखाबाद : जिले में रफ्तार का कहर बरपा है. जहां तेज रफ्तार वाहन ने 2 बाइकों को ठोकर मार दी. हादसे में बाइक सवार 2 चचेरे भाइयों की मौत हो गई है. वहीं घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है. घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया. हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए भर्ती कराया. वहीं दोनों की लाश का पंचनामा कर पीएम के लिए भेजा. पुलिस घटना की जांच कर रही है.
बता दें कि घटना ताजपुर मार्ग पर उस वक्त घटी, जब 2 चचेरे भाई रिश्तेदारी से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान अज्ञात वाहन ने 2 बाइकों को ठोकर मारी. हादसा इतना भयानक था कि एक बाइक पर सवार दोनों भाई दूर जा गिरे. वहीं दूसरे बाइक सवार भी गिर गया. हादसा होता देख राहगीरों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई. जिसके बाद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी.
जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल भिजवााया. जहां डॉक्टरों ने जांच कर चचेरे भाइयों को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है. हादसे में मरने वालों को पहचान समीर (20) और आदिल (22) के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों की लाश को पीएम के लिए भेजा है. फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है. शिकायत के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है.






