एफएनएन , अल्मोड़ा : उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री और सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र की विधायक रेखा आर्या के सम्मान में रामलीला मैदान में जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा में विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों और मंडलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान समर्थकों ने मंत्री का स्वागत और अभिनंदन किया। हालांकि, दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर उनके कार्यक्रम का विरोध किया। इसके चलते जनसभा के दौरान क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमाया रहा।
जनसभा में भावुक हुईं मंत्री रेखा आर्या
जनसभा को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या भावुक नजर आईं। उन्होंने खुद को सोमेश्वर की बेटी बताते हुए कहा कि सोमेश्वर से ही उनकी पहचान है। यहां की जनता हमेशा उनके साथ खड़ी रही है और आगे भी उनका साथ देती रहेगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता का स्नेह और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। सोमेश्वर के लोगों से उनका विशेष लगाव है और वह हमेशा क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहेंगी। इस दौरान उन्होंने समर्थकों के प्रति आभार भी जताया।
2022 से परेशान किए जाने का किया जिक्र
अपने संबोधन के दौरान रेखा आर्या ने अपनी आपबीती साझा करते हुए कहा कि वर्ष 2022 से उन्हें परेशान किया जा रहा था। जब परिस्थितियां हद से आगे बढ़ गईं तो उन्होंने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से सोमेश्वर की जनता अच्छी तरह परिचित है।
वहीं, आगामी विधानसभा चुनाव 2027 का जिक्र करते हुए उन्होंने जनता से अपनी बेटी रेखा आर्या को एक बार फिर आशीर्वाद देने की अपील की। जनसभा में मौजूद समर्थकों ने उनका स्वागत और समर्थन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिखाए काले झंडे
दूसरी ओर, मंत्री रेखा आर्या के कार्यक्रम की सूचना मिलते ही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोमेश्वर के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन के लिए पहुंच गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री को काले झंडे दिखाए और उनके खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी मंत्री के पति गिरधारी लाल साहू की ओर से लगाए गए 210 करोड़ रुपये के कथित घोटाले के आरोपों को लेकर विरोध दर्ज करा रहे थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस मामले को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। जनसभा और विरोध प्रदर्शन के चलते रामलीला मैदान सहित आसपास के क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज रहीं।
एक तरफ समर्थक मंत्री रेखा आर्या के स्वागत और अभिनंदन में जुटे रहे, तो दूसरी तरफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की।








