एफएनएन, खटीमा : Sitarganj ऊधम सिंह नगर जिले के सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की जान चली गई। बिडोरा मझोला बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास टैक्सी कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे के बाद टैक्सी चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार टैक्सी कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार और बाइक दोनों में आग लग गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों घायल युवकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पुलिस व 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
दोनों घायलों को उपजिला चिकित्सालय सितारगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसका इलाज शुरू किया गया, लेकिन उसने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने दोनों वाहनों में लगी आग पर काबू पाया, जबकि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतकों की पहचान कराने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और उनके परिजनों का पता लगाने का प्रयास जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टैक्सी कार सीएनजी से संचालित थी और आग लगने की एक संभावित वजह इसे माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।







