03
Gemini_Generated_Image_yb399pyb399pyb39
WhatsApp Image 2026-08-14 at 9.45.28 AM
previous arrow
next arrow
Shadow

Ramnagar में दशहरे की रात दो हादसे, कॉलेज छात्र समेत दो युवाओं की मौत, एक की हालत गंभीर

एफएनएन , रामनगर : नैनीताल जिले के रामनगर में दशहरे की रात दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवाओं की मौत हो गई। कोसी बैराज के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में रामनगर महाविद्यालय के प्रथम वर्ष के छात्र भावेश जोशी की जान चली गई, जबकि उसका साथी अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, हाथी डंगर क्षेत्र में गुरुद्वारे के पास नहर में एक अन्य युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक कक्षा 12वीं का छात्र था। दोनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

कोसी बैराज के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत

पहली घटना देर रात कोसी बैराज के पास डिग्री कॉलेज क्षेत्र में हुई। यहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के दौरान एक बाइक पर भावेश जोशी और अमन सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर योगेश था।

दुर्घटना के बाद घायलों को रामनगर के अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने भावेश जोशी को मृत घोषित कर दिया, जबकि अमन को प्राथमिक उपचार दिया गया। अमन की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

परिवार का इकलौता बेटा था भावेश जोशी

हादसे में जान गंवाने वाले भावेश जोशी की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है। वह रामनगर महाविद्यालय में प्रथम वर्ष का छात्र था। उसके पिता दीपू जोशी रामनगर की टेड़ा रोड पर परचून की दुकान चलाते हैं।

भावेश अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके एक भाई-बहन होने की जानकारी सामने आई है। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। दशहरे की रात परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द छोड़ गई।

हाथी डंगर क्षेत्र में नहर से मिला कक्षा 12वीं के छात्र का शव

दूसरी घटना रामनगर के हाथी डंगर क्षेत्र में गुरुद्वारे के पास हुई। यहां नहर में एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान करनपुर निवासी युवक के रूप में हुई है। वह रामनगर के ही एक निजी स्कूल में कक्षा 12वीं का छात्र था।

रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय के डॉक्टर तौहीद ने बताया कि हाथी डंगर क्षेत्र से युवक को अस्पताल लाया गया था, जहां उसे मृत पाया गया। उसके सिर के अगले हिस्से में चोट थी। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर युवक की मौत की परिस्थितियों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

दशहरे की रात हुई इन दो अलग-अलग घटनाओं ने रामनगर क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। एक ओर कॉलेज छात्र भावेश जोशी की मौत से उसके परिवार की खुशियां छिन गईं, वहीं दूसरी ओर कक्षा 12वीं के छात्र की मौत से उसके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

दो युवा जिंदगियों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है, जबकि बाइक हादसे में गंभीर रूप से घायल अमन के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

Hot this week

Dehradun : झूठी खबर चलाने की धमकी देकर 5 लाख मांगने का आरोप, न्यूज प्लेटफॉर्म संचालक गिरफ्तार

एफएनएन, देहरादून : Dehradun उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img