एफएनएन , देहरादून : दशहरा पर्व पर रावण दहन कार्यक्रमों के दौरान आग लगने की संभावित घटनाओं से निपटने के लिए देहरादून अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। जनपद में कुल 21 स्थानों पर अग्निशमन दल तैनात रहेंगे। सभी टीमें कार्यक्रम शुरू होने से लेकर समाप्त होने तक मौके पर मौजूद रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
दशहरा पर्व को देखते हुए जनपद के प्रमुख रावण दहन स्थलों पर फायर टेंडर, फायर बाइक और जरूरी अग्निशमन उपकरणों के साथ कर्मचारियों की तैनाती की गई है। विभाग का उद्देश्य रावण दहन के दौरान आग से होने वाले हादसों को रोकना और किसी भी आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
सदर तहसील में सात स्थानों पर रहेंगी अग्निशमन टीमें
देहरादून सदर तहसील क्षेत्र में बन्नू स्कूल, परेड ग्राउंड, क्लेमेंटाउन, प्रेमनगर और पटेलनगर समेत सात स्थानों पर सात फायर टेंडर तैनात किए गए हैं। इनमें पांच बड़े और दो छोटे फायर टेंडर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त दो फायर बाइक भी तैनात रहेंगी, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत घटनास्थल तक पहुंचा जा सके।
डोईवाला तहसील क्षेत्र में केशवपुर बस्ती में एक फायर टेंडर और बाजार क्षेत्र में एक फायर बाइक तैनात की गई है। वहीं, विकासनगर तहसील के सेलाकुई क्षेत्र में दशहरा ग्राउंड और भाऊवाला समेत दो स्थानों पर अग्निशमन टीमें मुस्तैद रहेंगी।
हरबर्टपुर और कालसी क्षेत्र में बैराज ग्राउंड, तिकोना ग्राउंड और बीडीएम समेत चार स्थानों पर अग्निशमन दल तैनात किए गए हैं। ऋषिकेश में त्रिवेणी घाट, आईडीपीएल ग्राउंड और नटराज चौक समेत तीन स्थानों पर टीमें मौजूद रहेंगी। इसके अलावा मसूरी में भी तीन स्थानों पर अग्निशमन कर्मियों की तैनाती की गई है।
अग्निशमन उपकरणों की जांच पूरी
दशहरा पर्व के मद्देनजर अग्निशमन विभाग ने सभी टीमों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध करा दिए हैं। इनमें फायर टेंडर, फायर बाइक, होज पाइप, ब्रांच, वाटर, डीसीपी और सीओ₂ अग्निशामक यंत्र, फायर बीटर, सीढ़ी, रस्सी और प्राथमिक उपचार किट शामिल हैं।
इसके साथ ही पर्याप्त जल भंडार की व्यवस्था भी की गई है। विभाग के अनुसार, सभी अग्निशमन उपकरणों की जांच पहले ही पूरी कर ली गई है, जिससे आपात स्थिति में बिना देरी के कार्रवाई की जा सके।
रावण दहन के दौरान सतर्कता बरतने की अपील
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिनव त्यागी ने आमजन से रावण दहन कार्यक्रमों के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग पुतले से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और बच्चों पर विशेष ध्यान दें। पटाखे केवल खुले स्थानों पर चलाएं तथा ढीले और सिंथेटिक कपड़े पहनने से बचें।
उन्होंने आयोजकों से भी अपील की है कि दहन स्थल पर रेत और पानी से भरी बाल्टियों की व्यवस्था रखें। साथ ही बैरिकेडिंग के माध्यम से भीड़ को पुतले से सुरक्षित दूरी पर रखा जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
आग लगने पर 112 या 101 पर दें सूचना
अग्निशमन विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अग्नि दुर्घटना या आपात स्थिति में तुरंत 112 या 101 नंबर पर सूचना दें। समय पर सूचना मिलने से राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू किया जा सकता है।
विभाग के अनुसार, दशहरा पर्व के दौरान संभावित अग्नि दुर्घटनाओं से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अग्निशमन टीमों की तैनाती और उपकरणों की उपलब्धता से रावण दहन कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।








